रांची/नामकुम: राजधानी रांची के नामकुम थाना क्षेत्र अंतर्गत टाटीसिलवे में शनिवार की शाम एक भीषण सड़क हादसा हुआ। मानकीढीपा में आयोजित ऐतिहासिक डोल मेले की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब एक अनियंत्रित तेज रफ्तार कार ने मेले में मौजूद भीड़ को बेरहमी से रौंद दिया। इस दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

भीड़ के बीच काल बनकर आई कार
जानकारी के अनुसार, शनिवार को डोल मेले का तीसरा दिन था और सड़क के दोनों किनारों पर लगी दुकानों के कारण काफी भीड़ थी। शाम करीब पांच बजे अनगड़ा की ओर से आ रही एक कार (नंबर JH 05 CP 4627) अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे मेले में घूम रहे लोगों के बीच घुस गई। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वहां भगदड़ मच गई।
मृतकों और घायलों की पहचान
इस भीषण दुर्घटना में जान गंवाने वालों की पहचान अनगड़ा निवासी 65 वर्षीय भोला शर्मा और 22 वर्षीय रीमा कुमारी के रूप में हुई है। वहीं, घायलों में पप्पू साव, सुलोचना देवी, रश्मि, पूनम, अरुणा एक्का, तारा देवी, रोशनी, मोनिका, आयुष, अंशिका, लोखन मंडल और निशु लकड़ा शामिल हैं।
सभी घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि एक व्यक्ति की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रिम्स (RIMS), रांची रेफर किया गया है।
आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
हादसे के बाद इलाके में भारी तनाव व्याप्त हो गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतकों के परिजनों के लिए उचित मुआवजे और दोषी कार चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालने की कोशिश की और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया।
प्रशासनिक लापरवाही पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐतिहासिक मेले में हजारों की भीड़ उमड़ती है, ऐसे में बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक या यातायात नियंत्रण के पुख्ता इंतजाम होने चाहिए थे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
ब्यूरो रिपोर्ट, तीसरी धारा न्यूज़










