गोरखपुर: होली के पावन पर्व पर जहाँ पूरा देश खुशियाँ मना रहा था, वहीं उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। खजनी थाना क्षेत्र के धाधूपार गांव में एक पति ने अवैध संबंधों के शक में अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी और फावड़े से बेरहमी से हत्या कर दी। इस खौफनाक वारदात का सबसे दुखद पहलू यह रहा कि 17 वर्षीय बेटे ने अपनी आँखों के सामने अपनी माँ को दम तोड़ते देखा।

आधी रात को चीख-पुकार और फिर खूनी खेल
जानकारी के अनुसार, आरोपी अशोक निषाद (44) का अपनी पत्नी नीलम देवी (40) के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। मंगलवार देर रात करीब एक बजे, जब पूरा गांव सो रहा था, अशोक ने अपनी पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। चीख सुनकर जब बेटा सूरज कमरे में पहुँचा, तो उसने देखा कि पिता मां पर वार कर रहे थे। इसके बाद आरोपी ने फावड़े से नीलम का गला काट दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
बेटे पर भी हमले की कोशिश, भागकर बचाई जान
मृतका के बेटे सूरज ने बताया कि जब उसने अपनी माँ को बचाने का प्रयास किया और शोर मचाया, तो आरोपी पिता उसे भी मारने के लिए फावड़ा लेकर दौड़ा। सूरज ने किसी तरह घर से भागकर अपनी जान बचाई और गांव के बाहर जाकर अपने नाना को फोन पर घटना की जानकारी दी।
शराब की लत और शक बनी हत्या की वजह
परिजनों के मुताबिक, अशोक पहले मुंबई में कारपेंटर का काम करता था, लेकिन गांव लौटने के बाद उसे शराब की लत लग गई थी। शराब पीने और अवैध संबंधों के शक को लेकर घर में अक्सर झगड़ा होता रहता था। इसी गृहक्लेश ने अंततः एक हँसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया।
पुलिस की कार्रवाई
सूचना मिलते ही खजनी थाना पुलिस मौके पर पहुँची और आरोपी अशोक निषाद को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद कर लिए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना प्रभारी का बयान: खजनी थाना प्रभारी जयंत कुमार सिंह ने बताया कि हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं, विशेषकर शराब की लत और आपसी विवाद की गहराई से जांच कर रही है।
रिपोर्ट: तीसरी धारा न्यूज डेस्क










