जमशेदपुर : विहिप बजरंगदल जमशेदपुर महानगर की ओर से शहर के सभी समवैचारिक संगठन, हिंदू संगठन, राजनीतिक दल, मंदिरों, अखाड़ों, विद्यालय वालों से एकजुट होकर 23 अप्रैल दिन मंगलवार, चैत्र पूर्णिमा को हनुमान जन्मोत्सव मनाने का आवाह्न किया है। विहिप द्वारा कहा गया कि यह हम सभी के लिए यह अति आनंद का विषय है कि इस वर्ष अयोध्या में प्रभु श्री रामलला अपने नव्य, दिव्य और भव्य मंदिर में विराजित हो चुके हैं।
श्री राम काज में उनके भक्त हनुमान की भूमिका से हम सभी परिचित हैं, रामभक्त हनुमान बल बुद्धि और विवेक के साक्षात देवता हैं। वह रोग, दुख और भय का हरण करने वाले है। श्री हनुमान चालीसा का पाठ करने वाले इन सभी से मुक्त हो जाते हैं। इस बार मंगलवार के दिन बजरंगबली का जन्मोत्सव का दिन होने से उनकी आराधना अति मंगलदायक है।
श्री हनुमान चालीसा पाठ के सामूहिक आयोजन के माध्यम से हनुमत आराधना कर धर्म, समाज एवं राष्ट्र के व्यापक हित हेतु हम प्रार्थना करें, जिससे हमारा राष्ट्र सभी संकटों को मात कर बलशाली और वैभवशाली बने। अतः निवेदन है श्री हनुमान जन्मोत्सव पर होने वाले इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में आप विशेष रूप से शामिल हो।
चाईबासा : कोल्हान ऑटोनॉमस कॉन्सिल की मांग को लेकर जोरदार आंदोलन किया जाएगा। इसके लिए कोल्हान के सभी मौजा में सेक्रेटरी और वोलेंटियर का गठन किया जाएगा। कोल्हान के विधायक और सांसद कोल्हान मामले पर गंभीर नहीं है। यह बातें आज कोल्हान रक्षा संघ के केंद्रीय अध्यक्ष माईकल तिरिया ने टोन्टो प्रखंड के ग्राम टोन्टो में अयोजित बैठक को संबोधित करते हुए कहा।
श्री तिरिया ने कहा कि संघ की मजबूती के लिए गांव गांव में मासिक बैठक का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए प्रति माह के 21 तारीख को गांव गांव में बैठक करने का प्रस्ताव पारित किया गया है। इस मौके पर कोल्हान रक्षा संघ टोन्टो गांव के लिए सर्वसहमति से किशोर मुंगिया को सेक्रेटरी चयनित किया गया है। मौके पर मानकी मुंडा संघ कोल्हान पोड़ाहाट के पूर्व केन्द्रीय प्रवक्ता बुधराम लागुरी ने कहा कि संघ को मजबूत करने के लिए गांव गांव में बैठक कर योग्य और शिक्षित व्यक्ति को कोल्हान रक्षा संघ का सेक्रेटरी नियुक्त किया जाएगा।
बैठक को संघ के केन्द्रीय सचिव कानू हाईबुरू, संगठन सचिव जयसिंह सुंडी, ग्रामीण मुंडा दामु लागुरी, चंबरा लागुरी, पाली पूर्ति, जेना लागुरी, दुलबू पूर्ति, मंगल पूर्ति, जगदीश केराई, नरसिंह चांपिया आदि। बैठक में किरीबुरू, लिपुंगा, डूमार्जोआ, कुडमसादा, लिसिमुति समेत कई गांव के लोग शामिल थे।
सीनी : केन्द्रीय प्रवक्ता मुखी समाज के रंजन कारूवा ने सीनी स्थित अंग्रेज़ी शराब दुकान के कर्मचारी और ग्राहक सानो महतो पलासडीह निवासी के मध्य मारपीट को संज्ञान में लेते हुए कहा कि जांच पड़ताल करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाए। इन दिनों अंग्रेजी शराब दुकान के ईर्द गिर्द अल्प वयस्कों का जमावड़ा लगा रहता है जो नाबालिग हैं, पढ़ने वाले बच्चे शराब एवं नशीले पदार्थ आदि के सेवन का शिकार हो रहे हैं, और समाज के मुख्य धारा से भटक रहे हैं।
रंजन कारूवा ने आबकारी विभाग के अधिकारियों से इस मामले को संज्ञान में लेते हुए जिले में अवैध शराब पर अंकुश एवं देशी एवं विदेशी शराब के दुकान पर आधार कार्ड दिखाने पर ही बिक्री किये जाने का आग्रह किया। जिससे कि अल्प वयस्कों को शराब नहीं दिये जाने की मांग की है और अगर पकड़े जाने पर दोनों पर विधिः समत कार्रवाई भी हो इसकी भी मांग की है। झारखंड के सभी देशी और विदेशी शराब के दुकान से रशीद और बिल से ही शराब बिक्री किये जाने की मांग की है। जिससे राजस्व की चोरी न हो एवं सरकार को राजस्व की प्राप्ति सही रूप से प्राप्त हो।
इधर मानवाधिकार सहायता संघ अंतरराष्ट्रीय के सरायकेला खरसावां जिला महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष श्रीमती सुमन कारूवा ने भी चिंता प्रकट करते हुए कहा कि इन दिनों सरायकेला खरसावां जिला में अल्प वयस्कों को अंग्रेजी शराब दुकानों के समक्ष सेवन करते हुए एवं अन्य नशीले मादक पदार्थों के सेवन, जैसे गांजा, भांग, अफीम, चरस, हीरोइन का सेवन करने की ओर अग्रसर हो रहें हैं। इस तरह के धंधे में लिप्त गिरोहों को गिरफ्तार किए जाने की मांग की है। जिससे जिले को नशीले पदार्थों से मुक्त किया जा सके।
सरायकेला : मानवाधिकार सहायता संघ अंतरराष्ट्रीय के सरायकेला खरसावां महिला प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष श्रीमती सुमन कारूवा ने झारखंड के सभी मतदाताओं से विनम्र आग्रह करते हुए कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव के दिन मतदान केंद्र में जायें और निर्भीक होकर मतदान करें। केन्द्र एवं राज्य सरकार के अधिन कार्यरत कर्मचारियों को स्पेशल सीएल छुट्टी एवं गैर-सरकारी प्रतिष्ठानों एवं संस्थानों में कार्यरत कर्मचारियों को भी पूर्व की तरह वैतनिक अवकाश प्राप्त होगी। मतदाताओं को मतदान केंद्र से प्रमाणित लिखित पत्र मतदान केंद्र के अधिकारीयों द्वारा प्रमाणित मतदान कि गई प्रमाणित पत्र प्राप्त करना आवश्यक है।
जमशेदपुर : टेल्को क्षेत्र के जेम्को आजाद बस्ती गुरुद्वारा रोड से रेलवे फाटक तक पूरी खराब पड़ी स्ट्रीट लाइट की मरम्मत हुई। देखा गया था कि नीचे फाटक जाने वाले रोड में रात के समय में सुनसान हो जाने के कारण बहुत अड्डे बाजी होती थी और चोरी का भी डर बना हुआ रहता था। सूचना मिलते ही समाजसेवी करनदीप सिंह ने इसकी जानकारी जमशेदपुर नोटिफाइड एरिया (JNAC) में दी।
उन्होंने कहा की जल्द से जल्द इसकी मरम्मत करवाई जाए।रात के समय में राहगीरों को भी आने-जाने में इस रोड से दिक्कतों का सामना न करना पड़े। करनदीप के इस पहल के बाद आज सभी लाइटों की मरम्मत करवाई गई और 20 नई स्ट्रीट लाइट की मांग करनदीप सिंह ने जमशेदपुर नोटिफाइड एरिया से की है। मौके पर उपस्थित करनदीप सिंह, गोल्डी, राहुल, बजरंगी उपस्थित थे।
जमशेदपुर : भारतीय जनतंत्र मोर्चा जमशेदपुर महानगर का प्रतिनिधिमंडल जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव की अगुवाई में टीएमएच अस्पताल पहुंचकर कल बिष्टुपुर खाओ गली में मंत्री बन्ना गुप्ता के कथित समर्थकों द्वारा किए गए जानलेवा हमला से घायल हुए पत्रकार दुर्गेश दयाल से मिला.
भाजमो नेताओं ने दुर्गेश दयाल से घटना की पुरी जानकारी ली. दुर्गेश दयाल ने बताया की कल बिष्टुपुर खाओ गली में वाहनों की मामुली भिड़त होने से कुछ युवको से हल्की नोक-झोंक की स्थिति उत्पन्न हो गई थी तब उन्होंने हालात बिगड़ता देख थाना को सुचित किया लेकिन थाना की ओर से कोई अधिकारी के पहुँचने के पूर्व ही सुनील गुप्ता सहित 15 -20 की संख्या में युवकों ने पहुँचकर उनपर जानलेवा हमला कर दिया.
इस दौरान भाजमो नेताओं ने घायल की विधायक सरयू राय से दुरभाष पर वार्ता कराई. भाजमो नेताओं ने बिष्टुपुर थाना प्रभारी से मिलकर इस घटना के संबंध में कि जा रही प्रशासनिक कारवाई की जानकारी ली. भाजमो जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव ने कहा इस घटना की निष्पक्ष जाँच कर दोषियों पर कारवाई सुनिश्चित करे जिला प्रशासन.
इस दौरान मुख्य रूप से भाजमो नेता मुकुल मिश्रा, शेषनाथ पाठक, हरेराम सिंह, मनकेश्वर चौबे सहित अन्य उपस्थित थे.
जमशेदपुर : कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता और जमशेदपुर के पूर्व सांसद डॉ अजय कुमार ने पत्रकार दुर्गेश पर हुए हमले की निंदा की है.AISMJWA के राष्ट्रीय महासचिव प्रीतम सिंह भाटिया के ट्वीट पर कोट करते हुए डॉ अजय ने जमशेदपुर पुलिस को संज्ञान लेते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है.
डॉ अजय ने इस मामले में मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन को भी टैग किया है और घटना को अस्वीकार्य व दुखद बताया है.उन्होने कहा कि जमशेदपुर में ऐसी घटनाएं हो रही हैं जहां हमारे पत्रकारों पर हमला किया जा रहा है यह वास्तव में दुखद है.
इधर ऐसोसिएशन के राष्ट्रीय महासचिव प्रीतम भाटिया ने आज घटना का एक वीडियो शेयर किया है जिसमें सोशल भारत के पत्रकार दुर्गेश दयाल को कुछ लोग गिराकर और घेरकर मार रहे हैं.श्री भाटिया ने ट्विटर पर लिखा है कि बीच सड़क पर आतंक मचाने वाले इन आरोपियों को कौन बचा रहा है? क्यों नहीं हो रही गिरफ्तारी?
श्री भाटिया ने डॉ अजय और बाबूलाल मरांडी से कहा कि देखिए जमशेदपुर का हाल एक पत्रकार को सड़क पर लेटाकर पिटाई कर अधमरा कर दिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है क्यों?
गोड्डा : कांग्रेस ने गोड्डा से अपना उम्मीदवार बदल दिया है. दरअसल, पार्टी में दीपिका पांडेय सिंह को उम्मीदवार बनाये जाने से खासी नाराजगी थी. लगातार प्रत्याशी बदलने की मांग हो रही थी. इसी बीच कांग्रेस आलाकमान ने दीपिका पांडेय सिंह का टिकट काटकर प्रदीप यादव को नया उम्मीदवार बनाया है. वहीं पार्टी ने रांची लोकसभा सीट से पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय की बेटी यशस्वीनी सहाय को टिकट दिया है. कई दिनों से इसके कयास लगाये जा रहे थे.
जमशेदपुर : आजसू पार्टी के अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने कहा कि इंडी गठबंधन के पास ना कोई मोदी का विकल्प है और ना ही राष्ट्र के लिए संकल्प। सत्तारूढ़ जेएमएम और कांग्रेस का एक ही ध्येय है तुष्टीकरण की राजनीति करना। जेएमएम का तो सारा समय और ध्यान प्रदेश में अपने परिवार को स्थापित करने और लिए झारखंड को ही विस्थापित बनाने में लगा हुआ है।
सुदेश कुमार महतो रविवार को डिमना लेक एरिया, जमशेदपुर में आयोजित जमशेदपुर लोकसभा स्तरीय ग्राम प्रभारी सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पांच लाख नौकरी का वादा करने वाली सरकार 10 हजार नौकरियों का भी आंकड़ा नहीं पार कर पाई है। स्थानीय, विस्थापित और नियोजन नीति का वादा कर सत्ता में बैठने वाले लोगों ने अपने वादों को भुला दिया। राज्य की जनता को साढ़े चार साल न कोई नीति मिली न ही नियोजन मिला।
महतो ने कहा कि राज्य के मूलवासियों और आदिवासियों की भलाई के लिए एक भी निर्णय इन्होंने नहीं लिया। अबुआ आवास को इन्होंने बबुआ आवास बना दिया है। किस जरूरतमंद को आवास मिले यह फैसला ग्राम सभा को करना चाहिए था लेकिन इनकी गलत नीतियों के चलते यह फैसला दफ्तर में बैठे बाबू ले रहे हैं। जो पैसा दे सकते हैं उन्हें आवास दिया जा रहा है। राज्यहित की बात करने वाले लोगों की सत्ता में आने के बाद प्राथमिकता ही बदल गई। नीति और नियोजन नहीं, यहां की खान संपदा का दोहन करना और जनता को छलना इनकी प्राथमिकता बन गई है।
आजसू के इस सम्मेलन में जमशेदपुर लोकसभा सीट से एनडीए के उम्मीदवार विधुत वरण महतो भी उपस्थित रहे। मौके पर जमशेदपुर क्षेत्र के विभिन्न राजनीतिक दलों के सैकड़ों कार्यकर्ताओं और कई समाजसेवियों ने आजसू का दामन थामा। सम्मेलन में आए पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं से सुदेश महतो ने एनडीए उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित करने के लिए दिए गए जिम्मेदारियों को निष्ठा से निभाने और जनता के बीच जाकर प्रधानमंत्री मोदी के द्वारा किए गए जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताने को कहा।
पार्टी के प्रधान महासचिव राम चन्द्र सहिस ने कहा कि सुदेश महतो राज्य के उम्मीद हैं। अबकी बार 400 पार के लक्ष्य को पूरा करने के लिए जमशेदपुर समेत राज्य की सभी 14 लोकसभा सीटों पर एनडीए की जीत सुनिश्चित करेंगे। राज्य के क्षेत्रीय मुद्दों को राष्ट्रीय पटल पर पहुंचाने की हमारी तैयारी है। एनडीए का एक-एक कार्यकर्ता ऐतिहासिक जीत की पटकथा लिखेंगे।
इस सम्मेलन में लोकसभा क्षेत्र के सभी केंद्रीय पदाधिकारी, केंद्रीय सदस्य, जिला कमेटी, जिला के सभी प्रखंड प्रभारी एवं क्षेत्र के सभी इकाइयों के प्रखण्ड अध्यक्ष, सचिव तथा पंचायत एवं ग्राम प्रभारियों ने हिस्सा लिया।
“जन मुद्दा, जन विचार” “कैसी चाहिए अब की सरकार” के स्लोगन के जरिए जमशेदपुर शहर के लोकप्रिय न्यूज नेटवर्क “तीसरी धारा” द्वारा संचालित कॉलम में करनदीप सिंह के व्यक्तिगत विचार।
जमशेदपुर : टेल्को क्षेत्र के जम्को आजाद बस्ती निवासी करनदीप सिंह ने बीपीएम +2 बर्मामाइंस विद्यालय से पढ़ाई की है वह अब विभिन्न परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। साथ ही साथ वे सामाजिक कार्यकर्ता भी है वह समाज के हित पर हर कदम तात्पर्य रहते हैं वे इस लोकसभा चुनाव में पहली बार मतदान करने जा रहे हैं। उन्होंने बताया की काफी सोच विचार कर मतदान करेंगे उनकी नजर में शिक्षा प्रमुख मुद्दा है, जब देश की जनता शिक्षित होगी तब वह अच्छे प्रत्याशी को चुनेगी।
शिक्षा से हर तरह की समस्या का समाधान हो सकता है, इसलिए वे वैसे प्रत्याशी को वोट देंगे जो शिक्षा और रोजगार को बढ़ावा देंगे। वही करनदीप सिंह ने कहा की देश में बदलाव की जरूरत है युवा को शिक्षा व रोजगार मिलना चाहिए। इसके लिए सरकार को विचार करने की जरूरत है। उच्च शिक्षा प्राप्त करके भी युवा बेरोजगार है। कम से कम स्टार्टअप में बेहतर अवसर देना चाहिए। नये और आधुनिक सोच के साथ देश का विकास अवश्य होना चाहिए। (मेरा पहला मतदान)