पूर्वी जमशेदपुर से निर्दलीय विधायक सरयू राय ने आरोप लगाया है कि झारखंड में भाजपा एवं कांग्रेस के भ्रष्ट चेहरे एक मंच पर आ गए हैं। सरयू राय ने पीएम के उस बयान पर हमला बोला है जिसमें उन्होंने कहा था कि भ्रष्ट चेहरे एक मंच पर आ रहे हैं।
सरयू राय ने लिखा कि नरेंद्र मोदी जी, झारखंड में विशेष रूप से जमशेदपुर में भाजपा एवं कांग्रेस के भ्रष्टाचार में चेहरे एक मंच पर आ चुके हैं। एक दूसरे को गलबहियां कर रहे हैं। एक-दूसरे की पीठ सहला रहे हैं। एक दूसरे की सहायता कर रहे हैं। सत्तापक्ष और निर्णय एक हो गए हैं।
दरअसल, मंगलवार को दिल्ली में भाजपा के केंद्रीय दफ्तर का विस्तार का उद्घाटन करते हुए पीएम ने कहा था कि सारा देश देख रहा है कि कैसे भ्रष्टाचार में लिप्त चेहरे एक साथ एक मंच पर आ रहे हैं। उन्होंने बोला था कि भारत विरोधी शक्तियां एकजुट हो रही हैं। पीएम मोदी ने कहा कि 9 सालों के शासनकाल में जिस तरह भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई की गई, उसने भ्रष्टाचारियों की जड़े हिला दी हैं।
सरयू राय ने जो झारखंड भाजपा एवं झारखंड कांग्रेस को लेकर जो तंज कसा है वह संकेत पूर्व सीएम रघुवर दास और बन्ना गुप्ता को लेकर है। सरयू राय ने एक अन्य ट्वीट के जरिए इल्जाम लगाया है कि भाजपा शासनकाल में सरकारी कंपनी की आड़ में ऊंचे दाम पर दवा खरीद का आदेश सीएम ने दिया था। यह 2016 की बात है वहीं इस सरकार में सीएम को दरकिनार कर स्वास्थ्य मंत्री ने यही काम किया है। तब सीएम रघुवर दास थे तथा अब स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता हैं। गौरतलब है कि बीते कुछ दिनों से स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता और वरिष्ठ नेता सरयू राय के बीच जुबानी जंग जारी है।
गम्हरिया: आदित्यपुर और गम्हरिया औद्योगिक क्षेत्र के पांच कंपनियों एवं पेंट विक्रेता एजेंसियों के ठिकानों पर एशियन पेंट के अधिकारियों ने बॉम्बे हाई कोर्ट के दर्जनभर वकीलों के साथ दबिश दी। इस दौरान एशियन, उत्सव और एपेक्स के नाम से निर्मित उत्पादों को जब्त किया गया है।
अधिवक्ताओं की टीम कोर्ट का आदेश लेकर सर्वप्रथम आदित्यपुर थाना पहुंची। तत्पश्चात, वहां से अलग-अलग टीम बनाकर पुलिस के साथ आदित्यपुर एवं गम्हरिया के कई कंपनियों में दबिश दी जहां कंपनी के अधिकारियों ने एशियन नाम से निर्मित उत्पाद बनाते रंगे हाथ सामान जब्त किया। इससे औद्योगिक क्षेत्र में हड़कंप मच गया। इस दौरान उक्त टीम द्वारा आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र के फेज एक स्थित मिकासू मिट्रिट, फेज तीन स्थित क्लिन एन कैम व सर्वोत्तम पेंट्स, फेज छह के डीवीसी मोड़ स्थित अरिहंत इंडस्ट्रीज, गम्हरिया के उषा मोड़ स्थित आरुषि पेंट्स में छापेमारी की गई। इस दौरान एशियन के नाम से कई उत्पाद पैकिंग करते पाया गया जिस पर कंपनी के अधिकारियों ने आपत्ति जताते हुए कागजी कार्रवाई शुरू कर दी। बताया गया कि इन कंपनियों से निकलने वाले सामान के सप्लायर के यहां भी छापेमारी की जा रही है। आदित्यपुर मोदी हार्डवेयर में भी छापेमारी शुरू की गई है। सूचना मिलते ही लघु उद्योग भारती के प्रतिनिधि कंपनियों में पहुंचे और इस कार्यवाई पर कड़ी आपत्ति जताया।
लघु उद्योग भारती ने कार्रवाई पर जताया आपत्ती
लघु उद्योग भारती के जिला महासचिव समीर सिंह ने इसे बड़ी कंपनियों द्वारा दुर्भावना से ग्रसित कार्रवाई बताया। वहीं प्रदेश कार्यकारिणी उपाध्यक्ष रूपेश कतरियार ने भी कंपनी द्वारा किए गए इस कार्रवाई पर आपत्ति जताया। उन्होंने कहा कि कहीं भी ट्रेडमार्क का प्रयोग नहीं किया गया है। नाम से कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए। सारे प्रोडक्ट पर कंपनी अपना एड्रेस दे रही है। इस तरह की कार्यवाई से छोटे उद्यमियों को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। वही लघु उद्योग भारती ने कंपनी द्वारा किए गए कार्यवाई पर भी आपत्ति जताया। इस पूरे प्रक्रिया में बंबई हाई कोर्ट अधिवक्ताओं, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं कंपनी के अधिकारियों ने कुछ भी बताने से इंकार किया है।
रामनवमी पर्व के विसर्जन जुलूस के दौरान विधि व्यवस्था के बेहतर संधारण तथा संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा उपायों को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सभी एहतियातन कदम उठाये जा रहे हैं। उपायुक्त श्रीमती विजया जाधव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री प्रभात कुमार के निर्देशानुसार बीडीओ, सीओ, डीएसपी एवं थाना प्रभारी द्वारा विभिन्न थाना क्षेत्रों में जुलूस मार्ग का सघन वेरिफिकेशिन कार्य किया जा रहा ।
जुलूस मार्ग में कोई निर्माण सामग्री नहीं रखी हो या सुरक्षा के दृष्टिकोण से जहां-जहां बेरिकेडिंग की आवश्यकता है इसकी भी समीक्षा की जा रही । साथ ही उपायुक्त द्वारा मानगो नगर निगम, जेएनएसी, जुगसलाई नगर परिषद एवं चाकुलिया नगर पंचायत के कार्यपालक एवं विशेष पदाधिकारी को पूजा अखाड़ों के आसपास एवं चौक-चौराहों में साफ-सफाई कराने तथा महत्वपूर्ण मार्गों में पेड़ों की छटनी कराने का भी निर्देश दिया गया है ।उपायुक्त द्वारा नागरिक सुरक्षा के अधीन वॉलंटियर की प्रतिनियुक्ति का निर्देश अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम को दिया गया है। उन्होने कहा कि 30 एवं 31 मार्च को रामनवमी का पर्व मनाया जाना है। उक्त अवसर पर विधि व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था बनाये रखने में वॉलंटियर की प्रतिनियुक्ति (नाम एवं मोबाइल नंबर सहित) सुरक्षा बलों के सहयोग हेतु किया जाए । जुस्को के महाप्रबंधक को सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर संवेदनशील स्थानों, भीड़ भाड़ वाले चौक-चौराहों, मस्जिद एवं अन्य स्थानों पर गत वर्षों की तरह लोहे की बेरिकेडिंग लगाने तथा सिविल सर्जन को आकस्मिक दुर्घटना से निपटने के लिए चिकित्सा दल की प्रतिनियुक्ति महत्वपूर्ण स्थलों पर करने का निर्देश दिया गया है । इसके अलावा संवेदनशील स्थानों व चौक-चौराहों को चिन्हित कर अस्का लाईट का अधिष्ठापन भी किया जाएगा ।
मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन की उपस्थिति में समेकित बिरसा ग्राम विकास योजना -सह- कृषक पाठशाला के लिए सूचीबद्ध कार्यकारी एजेंसीज और पशुधन आपूर्तिकर्ताओं के बीच हुआ एमओयू मुख्यमंत्री ने कहा- किसान पाठशाला के माध्यम से उन्नत कृषि के लिए किसानों को प्रशिक्षित किया जाएगा। कृषि सिर्फ अर्थव्यवस्था ही नहीं, बल्कि मानव व्यवस्था को भी मजबूत करती है। किसानों को स्वावलंबी, सशक्तीकरण और आय बढ़ाने के लिए लगातार हो रहे प्रयास।
कृषि सिर्फ अर्थव्यवस्था ही नहीं, बल्कि मानव व्यवस्था को भी मजबूत करती है। विशेषकर, झारखंड जैसे राज्य की “आत्मा” कृषि में बसती है , क्योंकि यहां की 70 प्रतिशत आबादी कृषि और पशुधन से जुड़ी है । ऐसे में सरकार का कृषि और किसानों के विकास पर विशेष फोकस रहा है। किसानों- पशुपालकों के स्वावलंबी, सशक्तीकरण और आय बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं ।इसी कड़ी में किसान पाठशाला के माध्यम से किसानों को उन्नत कृषि और कृषि कार्य के आधुनिक तकनीकों की जानकारी देने के लिए प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन ने आज समेकित बिरसा ग्राम विकास योजना -सह- कृषक पाठशाला के लिए सूचीबद्ध एजेंसीज और पशुधन आपूर्तिकर्ताओं के साथ एमओयू और नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ये बातें कही।
किसानों के लिए चल रही कई योजनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की जरूरतों और आवश्यकताओं को कैसे पूरा किया जाए, इस दिशा में नीति निर्धारण करने के साथ कई योजनाएं शुरू की गई है । सरकार ने बजट में कृषि के लिए चार हज़ार करोड़ रुपए से ज्यादा राशि का प्रावधान रखा है। किसानों को सशक्त बनाने के लिए हरित ग्राम योजना, दीदी बाड़ी योजना और किसान पाठशाला जैसी योजनाओं के साथ तालाब निर्माण, कूप निर्माण और सिंचाई परियोजनाओं को मजबूत किया जा रहा है। वहीं, पशुधन योजनाओं से किसानों को जोड़ा जा रहा है । इसके अलावा वन उपज को बढ़ावा देने के लिए सिदो -कान्हू कोऑपरेटिव फेडरेशन की बनाई गई है। इन सभी का मकसद किसानों को आत्मनिर्भर बनाना है । सरकार ने कृषि उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में भी निरंतर कार्य कर रही है। नए राइस मिल खोले जा रहे हैं और ग्रामीण क्षेत्रों में लैम्प्स -पैक्स को मजबूत करने के साथ गोदाम तथा कोल्ड स्टोरेज बनाया जा रहा है।
कृषि पदाधिकारियों की हुई नियुक्ति
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में 32 वर्षों के बाद कृषि पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है। इसका मकसद कृषि से जुड़े कार्यों और खेती के लिए किसानों को सहयोग करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज किसान खेतिहर मजदूर बनते जा रहे हैं। ऐसे में किसानों को कृषि से जोड़े रखने के लिए सरकार लगातार कदम उठा रही है।
पशुधन योजना के तहत दिए जाने वाले पशुओं का होगा इंश्योरेंस
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री पशुधन योजना के तहत लाभुकों को दिए जाने वाले पशुओं का भी इंश्योरेंस कराया जाएगा। ताकि, किन्ही वजहों से मवेशियों की मौत होने पर किसानों को किसी प्रकार का आर्थिक नुकसान नहीं उठाना पड़े। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि समृद्ध किसानों पशुपालकों के पशुओं के इंश्योरेंस के लिए भी बैंकों से बातचीत की जाएगी।
17 एजेंसियों के साथ एमओयू , 26 पशु चिकित्सकों को मिला नियुक्ति पत्र
मुख्यमंत्री की उपस्थिति में किसान पाठशाला के लिए 17 सूचीबद्ध कार्यकारी एजेंसियों और पशुधन आपूर्तिकर्ताओं के साथ एमओयू हुआ। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने 26 पशु चिकित्सकों और 7 कर्मियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया।
इस अवसर पर कृषि मंत्री श्री बादल, मुख्य सचिव श्री सुखदेव सिंह, मुख्यमंत्री की प्रधान सचिव श्रीमती वंदना डाडेल, मुख्यमंत्री के सचिव श्री विनय कुमार चौबे, कृषि सचिव श्री अबू बकर सिद्दीक, और कृषि निदेशक श्री चंदन कुमार सिंह निदेशक उद्यान श्री निसार अहमद कृषि विभाग के विशेष सचिव श्री प्रदीप हजारी और अपर सचिव श्री अंजनी कुमार समेत कई पदाधिकारी मौजूद थे।
जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के उड़नदस्ता दल ने मंगलवार को व्यापक पैमाने पर नशीले पदार्थ के खिलाफ छापेमारी अभियान चलाया. सबसे चौकाने वाली बात यह है कि जिस पदार्थ के कारण कैंसर जैसी घाटत बीमारियों होती है.
वह पदार्थ टीएमएच से सटे टाटा मेहरबाई कैंसर अस्पताल के समीप स्थित दुकानों से बरामद हुआ. दुकानों से बरामद नशीले पदार्थों को जेनएसी ने जब्त कर लिया. साथ ही उन दुकानदारों से 16300 रुपया जुर्माना वसूला. जिन क्षेत्रों में छापेमारी अभियान चलाया गया. उनमें लोयला स्कूल कदमा, डीबीएमएस स्कूल के आसपास, बिष्टुपुर टाटा मेहरबाई कैंसर अस्पताल के पास, बिष्टुपुर, साकची, कदमा थाना क्षेत्र शामिल है.जेएनएसी के सिटी मैनेजर रवि भारती ने बताया कि झारखंड सरकार ने गुटका समेत अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री पर रोक लगा रखी है. साथ ही कोटपा एक्ट के तहत अस्पताल, शैक्षणिक संस्थान के 100 मीटर के दायरे में गुटखा, बीड़ी, सिगरेट की बिक्री नहीं की जानी है. लेकिन अधिकांश सरकारी एवं निजी स्कूलों के पास लोगों ने टॉफी, चिप्स, चाय सहित अन्य खाद्य सामग्री बेचने के लिए दुकानें खोल रखी हैं और इन दुकानदारों ने इस सामान के साथ ही बीड़ी, सिगरेट, पान मसाला, गुटखा भी रखना शुरू कर दिया है. सभी लोगों को कठोर कार्रवाई की चेतानी दी गई. छापेमारी में परीक्ष्यमान विशेष पदाधिकारी चंद्रदीप कुमार एवं संतोषिणी मुर्मू के अलावे दो उड़नदस्ता दल क्षेत्रीय कर कर्मी प्रकाश भगत, गणेश राम एवं होमगार्ड के जवान शमिल थे.
मार्निंग वाक के दौरान धनबाद के पूर्व रेल थाना प्रभारी अमरजीत प्रसाद अचानक गिर पड़े और कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई। उन्हें सड़क पर गिरा देख कर जीआरपी के जवानों ने उन्हें रेलवे अस्पताल पहुंचाया। रेलवे अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड के डाक्टर ने उन्हें बरटांड़ के जालान अस्पताल में रेफर किया। उन्हें जालान अस्पताल लाया गया, जहां जांच के दौरान डाक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत का कारण हार्ट अटैक बताया गया है।
20 दिन पहले हुए थे सस्पेंड
ड्यूटी में कोताही बरतने को लेकर 20 दिन पहले उन्हें सस्पेंड कर दिया गया था। एडीजी रेल के निर्देश पर निलंबित हुए स्व. प्रसाद धनबाद में ही रह रहे थे। मंगलवार को ही निलंबनमुक्त होना था, पर इससे पहले ही मौत ने उन्हें अपने पंजों में दबोच लिया।
हर दिन सुबह करते थे मार्निंग वाक
रेल पुलिस कर्मियों का कहना है अमरजीत प्रसाद हर दिन सुबह मार्निंग वाक करते थे। फिट रहने के लिए रेलवे स्टेडियम का चक्कर लगाते थे। हर दिन तरह मंगलवार को भी उन्हें मार्निंग वाक करते देखा गया। मार्निंग वाक के बाद वह रेल एसपी कार्यालय की ओर जा रहे थे। रास्ते में उनकी तबीयत बिगड़ गई। सीने में तेज दर्द होने से वह सड़क पर गिर गये। रेल पुलिस ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया। बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी।
53 वर्षीय स्व. प्रसाद पटना के स्थायी निवासी थे। वर्तमान में जमशेदपुर के आदित्यपुर में उनका घर है, जहां परिवार रहता है। स्व. प्रसाद 94 बैच के थे। उनके शव को रेल पुलिस मुख्यालय लाने की तैयारी चल रही है। सलामी के बाद आदित्यपुर भेजा जाएगा।
पटमदा प्रखंड के बीड़रा निवासी नियती कैबर्ता कि आंखों की रोशनी सालों पहले चली गई, जिसके बाद से वे देख पाने में असमर्थ थीं। उनके परिवार ने समाजसेवी मंटू चरण दत्ता से संपर्क कर समस्या बताई। मंटू चरण दत्ता ने नाम्या स्माइल फाउंडेशन के संस्थापक कुणाल षाड़ंगी को इस बात की सूचना दी, जिसके बाद उन्होंने वल्लभ यूथ ऑर्गेनाइजेशन की तरफ से स्मार्ट स्टिक का इंतजाम करवाकर नियति कैबर्ता को स्मार्ट स्टिक मुहैया कराया।
स्मार्ट स्टिक मिलने से अब उनका जीवन आसान बनेगा। इस दौरान उनके चेहरे पर खुशी साफ दिख रही थी। नियति कैबर्ता ने नाम्या स्माइल फाउंडेशन और वल्लभ यूथ ऑर्गेनाइजेशन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि ऐसे कठिन समय में संस्था ने उनकी परेशानी समझकर मदद की। इसे भूला नहीं जा सकता है। इस मौके पर समाजसेवी सुदीप्तो दे राणा, मंटू चरण दत्ता, सतप्रीत सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
झारखंड : लातेहार जिले के चंदवा में सरहुल पर प्रसाद के रूप में मिले चना-गुड़ खाने से चेटर और सासंग पंचायत के करीब डेढ़ सौ लोग बीमार पड़ गए। गांव में अफरातफरी मचने के बाद पहुंची मेडिकल टीम ने पीड़ितों का उपचार किया। कई लोगों का चंदवा सीएचसी और लातेहार सदर अस्पताल में भी इलाज किया गया। दो लोगों को बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स रेफर किया गया है। वहीं समाचार लिखे जाने तक 56 लोगों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
दामर शक्ति खूंटा स्थल में खाया था प्रसाद
मिली जानकारी के अनुसार, सरहुल पर चेटर और सांसग पंचायत के सैकड़ों लोग दामर शक्ति खूंटा स्थल पहुंचे थे। पर्व के बाद सभी को चना-गुड़ दिया गया था। इसके बाद सभी घर वापस आ गए। शनिवार की अहले सुबह से कई लोगों को उल्टी-दस्त और बुखार आने लगा। पीड़ितों ने ग्रामीण चिकित्सक से उपचार कराया। शनिवार की दोपहर तक मरीजों की संख्या बढ़ती चली गयी और रविवार को स्थिति विकराल हो गयी। देर शाम इसकी जानकारी स्वास्थ्य विभाग को मिली। इसके बाद एक टीम गांव में भेजी गयी। रविवार की रात 9:30 बजे से देर रात 2:30 बजे तक सैकड़ों ग्रामीणों का उपचार किया गया। सोमवार को सिविल सर्जन लातेहार ने स्वयं प्रभावित गांव का दौरा कर टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
चना खाने से संक्रमित हो गए सैकड़ों लोग
डॉ एनके पांडेय चंदवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ एनके पांडेय ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह फूड प्वाइजनिंग का मामला लग रहा है। चना खाने से लोगों की तबीयत बिगड़ी है। पीड़ित लोगों का इलाज किया जा रहा है। सैंपल ले लिए गए हैं। जांच पूरी होने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। फिलहाल मरीजों का इलाज किया जा रहा है। डॉक्टरों की टीम मरीजों पर लगातार नजर रख रही है। हर तरह की स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करायी जा रही हैं।
जमशेदपुर : भाजपा नेता विकास सिंह ने केस दर्ज़ होने के बाद प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि मानगो बाजार को गलत तरीके से कानून को हाशिए में रखकर अतिक्रमण हटाया जा रहा था तब मौके पर दुकानदारों के बुलावे पर वहां वें मौजूद थे। उन्होंने प्रक्रिया का विरोध करते हुए मौके में उपस्थित एसडीएम से हाथ जोड़कर विनती कर कहा की पर्व के समय दुकाने ना तोड़ी जाए दुकानदारों को अपना सामान हटाने का अवसर दिया जाए जिससे लोग अपनी पूंजी बचा पाए । विकास सिंह ने मौके पर किसी प्रकार का बल का प्रयोग नहीं किया था , विकास सिंह ने कहा की मौके पर सहारा सिटी के नाबालिग लड़की के साथ बलात्कार केस के आरोपी गुड्डू गुप्ता जी भी वहां मौजूद थे।
लेकिन केवल विकास सिंह के ऊपर ही मुकदमा दायर किया गया सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करने का जबकी विकास सिंह ने कोई बल का प्रयोग नहीं किया था। गुड्डू गुप्ता जी मंत्री बन्ना गुप्ता के भाई हैं इसलिए उनके ऊपर मुकदमा करना तो दूर नगर निगम के कार्यपालक पदाधिकारी सुरेश यादव जी आगे पीछे कर जी हजूरी कर रहे थे। विकास सिंह ने कहा झूठे मुकदमे करा कर मंत्री जी विकास सिंह को डराना चाहते हैं लेकिन इनकी यह मंशा जीवन पूरी नहीं होगी । गलत तरीके से गरीबों को परेशान करने का हर मोर्चे में विरोध करते रहेंगे । विकास सिंह ने जिला प्रशासन को ध्यान आकर्षित कराते हुए कहा भारत में संविधान सभी के लिए बराबर है फिर आखिर मांगो थाना के समीप बीच सड़क में बना हुआ कांग्रेस का कार्यालय क्यों नहीं तोड़ा जा रहा है।
गौरतलब हो कि भाजपा नेता विकास सिंह पर जमशेदपुर के मानगो थाना में सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का केस दायर कर दिया गया है। यह गैर जमानतीय धारा है, जिसके तहत केस दायर किया गया है. मानगो नगर निगम के पदाधिकारी निशांत कुमार की ओर से यह एफआइआर दायर किया गया है। इसमें सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का केस दायर किया गया है।
जमशेदपुर : राज्य कर विभाग के जमशेदपुर प्रमंडल के अपर आयुक्त अखिलेश शर्मा ने राज्य कर के पुराने बकाया से छुटकारा पाने के लिए राज्य सरकार की ओर से प्रस्तुत वन टाइम सेटलमेंट योजना का लाभ उठाने की अपील सभी बकायेदारों से की है। उन्होंने प्रमुख बकायेदारों और टैक्स बार एसोसिएशन के सदस्यों के साथ अपने कार्यालय में आयोजित बैठक में उन्हें इस योजना की विशेषताओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 2005-06 के बाद पहली बार इस प्रकार की योजना आयी है। इसे विधान सभा के शीत सत्र में पारित किया गया था। अपर आयुक्त ने बताया इस बार की योजना की चार प्रमुख विशेषताएं हैं। जो स्वीकृत कर राशि है, उसका पूर्ण भुगतान करना होगा। जो विवादित राशि है, उसका 40 हिस्सा भुगतान करना होगा। सर्टिफिकेट केस से संबंधित मामलों में बकाया राशि का 50 प्रतिशत देने का प्रावधान किया गया है। जुर्माना राशि एवं ब्याज की कुल राशि का मात्र 10 प्रतिशत भुगतान करने पर शेष राशि माफ कर दी जाएगी। बैठक में टाटा स्टील, टाटा मोटर्स, टाटा कमिंस, उषा मार्टिन कंपनियों के प्रतिनिधि थे।
500 करोड़ वसूली का अनुमान
पदभार संभालने के बाद पहली बार जमशेदपुर पहुंचे राज्य के सभी पांच प्रमंडल के साथ-साथ मुख्यालय के अपर आयुक्त अखिलेश शर्मा ने हिन्दुस्तान से बातचीत में बताया कि उन्हें इस योजना के तहत पूरे राज्य से कम से कम 500 करोड़ रुपए की वसूली का अनुमान है। इसमें से अधिकांश बकाया राशि जमशेदपुर से ही मिलने की उम्मीद है क्योंकि बड़ी कंपनियां यहीं हैं। हालांकि कुल बकाया राशि करीब चार हजार करोड़ रुपए है। उन्होंने बताया कि इस योजना का असर दिखने भी लगा है। अभी तक पूरे राज्य में वन टाइम सेटलमेंट के लिए 66 आवेदन पड़े हैं। इनमें से 19 जमशेदपुर से हैं। आदित्यपुर सर्किल में 11, जमशेदपुर में आठ जबकि अर्बन सर्किल में दो आवेदन जमा हुए हैं।