Site icon

झारखंड : बारिश की वजह से गिरा पारा, ठनका से तीन की मौत

झारखंड में रांची समेत राज्य के कई इलाकों में शनिवार को भी बारिश हुई। बारिश और आंधी के कारण राज्य के कई शहरों में चार डिग्री तक पारा गिर गया। खराब मौसम का असर विमान सेवाओं पर भी पड़ा है। इस बीच, राज्य के विभिन्न इलाकों में ठनका की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई। सिमडेगा के कुरडेग में वज्रपात की चपेट में आने से विजय साय नामक युवक की मौत हो गई। विजय इमली चुनने के लिए घर से बाहर निकला था। इसी दौरान ठनका की चपेट में आ गया। इधर,हजारीबाग के टाटीझरिया में वज्रपात से एक महिला देवंती देवी की मौत हो गई। बताया जाता है कि वह आम बागवानी में काम कर रही थी, तभी ठनका की चपेट में आ गई। वहीं रामगढ़ के दुलमी की उसरा पंचायत के गोड़ातु गांव में महुआ चुनने के दौरान तीन लोग वज्रपात की चपेट में आ गए। इसमें संतोष महतो नामक युवक की मौत हो गई जबकि पार्वती देवी व बबिता देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं।

दो विमान कोलकाता डायवर्ट
खराब मौसम के कारण एयर एशिया की बेंगलुरु और इंडिगो की पुणे से रांची आ रही विमान सेवा कम दृश्यता के कारण डायवर्ट होकर कोलकाता चली गई। इसके कारण यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।

दो दिन तक रहेंगे बादल
मौसम विभाग के कारण राजधानी समेत झारखंड के ऊपर अभी दो दिनों तक बादल छाए रहेंगे। इससे राज्य के कई स्थानों गरज और तेज हवा के साथ बारिश होने की पूर्वानुमान है।

रामगढ़ के दुलमी में शनिवार को वज्रपात
लगातार तीन दिनों से बारिश होने के कारण पिछले 48 घंटों की तुलना में तापमान में चार डिग्री तक की कमी आयी है। रांची का अधिकतम 30.0 और न्यूनतम 16.5 डिग्री रहा। जबकि दो दिन पहले गुरुवार को रांची का अधिकतम 33.8 और न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस रहा था। जमशेदपुर में अधिकतम 32.8 और मेदिनीनगर में 32.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अन्य शहरों के न्यूनतम और अधिकतम तापमान दोनों चार डिग्री नीचे आ गए हैं।

प्रमुख शहरों के तापमान
शहर अधिकतम न्यूनतम
रांची 30.0 16.5
जमशेदपुर 32.8 18.3
डालटनगंज 32.0 19.1
देवघर 31.2 18.1
बोकारो 27.6 18.1

Exit mobile version