तीसरी धारा न्यूज | 12 सितंबर 2026 | जमशेदपुर
सोलर सिस्टम का विधिवत उद्घाटन
जेम्को स्थित उत्क्रमित उच्च विद्यालय कालीमाटी में शनिवार को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष श्री ज्योति सिंह मथारू द्वारा ऑन ग्रिड सोलर सिस्टम का विधिवत उद्घाटन कर इसे चालू किया गया। इस अवसर पर शिक्षा विभाग की ओर से जिला शिक्षा अधीक्षक (पूर्वी सिंहभूम) जूही रानी एवं प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी तेजिंदर कौर मुख्य रूप से उपस्थित रहीं।
जी प्लस वन मॉडल पर 6 नए कमरों का सुझाव
उद्घाटन के पश्चात उपस्थित अधिकारियों और विद्यालय के प्रधानाध्यापक धनंजय श्रीवास्तव के बीच विद्यालय के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर विशेष चर्चा हुई। बातचीत के दौरान संयुक्त रूप से निर्णय लिया गया कि छात्रों की बढ़ती संख्या को देखते हुए विद्यालय में जी प्लस वन (G+1) मॉडल पर कम से कम 6 नए अतिरिक्त वर्ग कक्षों (ACR) का निर्माण कराया जाना अत्यंत आवश्यक है।
उपायुक्त से वार्ता और त्वरित कार्रवाई का आश्वासन
इस महत्वपूर्ण विषय पर माननीय ज्योति सिंह मथारू जी ने अपनी सहमति व्यक्त करते हुए आश्वासन दिया कि वे जल्द ही जिले के उपायुक्त महोदय से मुलाकात करेंगे और नए कक्षों की मांग को स्वीकृति दिलाकर कार्य पूरा कराने का प्रयास करेंगे। दूसरी ओर, शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने भी जानकारी दी कि विद्यालय में कमरों के निर्माण का प्रस्ताव वर्तमान में प्रक्रियाधीन है और इस पर जल्द ही सकारात्मक कदम उठाए जाएंगे।
छात्रों से आत्मीय संवाद और समस्याओं का जायजा
भ्रमण के दौरान उपाध्यक्ष महोदय ने विद्यालय के छात्र-छात्राओं से बेहद आत्मीय माहौल में बातचीत की और उनके पठन-पाठन तथा शिक्षा के स्तर की जानकारी ली। इसके साथ ही उन्होंने विद्यालय की अन्य बुनियादी समस्याओं को भी गंभीरता से सुना और विद्यार्थियों को भरोसा दिलाया कि उनकी सहूलियत के लिए सभी समस्याओं का समाधान शीघ्र अति शीघ्र किया जाएगा।
स्थानीय गणमान्य एवं शिक्षक रहे उपस्थित
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक राकेश कुमार सिंह, शिक्षिका कंचन तिवारी, करनदीप सिंह के साथ-साथ स्थानीय समुदाय से जसवीर सिंह, राममूर्ति सिंह, रामाशंकर जी, विद्यालय प्रबंधन समिति के सभी सम्मानित सदस्यों और छात्र-छात्राओं ने अपनी सक्रिय भूमिका निभाई।
तीसरी धारा न्यूज – सच्ची और सटीक खबर




















