तीसरी धारा न्यूज | 03 सितंबर 2026 | जमशेदपुर
हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ वार्षिक समारोह
केरला समाजम हिंदी स्कूल, गोलमुरी, जमशेदपुर में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह बड़े ही हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस विशेष समारोह का मुख्य उद्देश्य वर्षभर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों, नियमितता और बहुमुखी प्रतिभा को सम्मानित कर उन्हें उज्ज्वल भविष्य की दिशा में और बेहतर करने के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन और माँ सरस्वती की वंदना से हुआ, जिसके बाद विद्यार्थियों ने मनमोहक एवं रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर पूरे सभागार को उत्साह और उमंग से भर दिया।
मुख्य अतिथि टी. के. सुकुमारन ने मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित
समारोह का मुख्य आकर्षण पुरस्कार एवं प्रमाणपत्र वितरण रहा, जहाँ शैक्षणिक गतिविधियों तथा नियमितता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में केरला समाजम के नवनिर्मित अध्यक्ष टी. के. सुकुमारन उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि बच्चों की छोटी-छोटी उपलब्धियाँ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव बनती हैं।
विद्यार्थियों की लगन और मेहनत का सम्मान: प्राचार्य अनुरंजन
विद्यालय के प्राचार्य अनुरंजन ने उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह समारोह विद्यार्थियों की लगन और कड़ी मेहनत का सम्मान है। यह सम्मान बच्चों को अपनी वास्तविक क्षमताओं को पहचानने और जीवन में नई ऊँचाइयों को हासिल करने के लिए निरंतर प्रेरित करेगा। कार्यक्रम में बीओटी सदस्यगण, शैक्षणिक निर्देशिका नंदिनी शुक्ला, प्राचार्या रीना बनर्जी, उपप्राचार्य ए. एल. अब्राहम, उप प्राचार्या सुजाता सिंह सहित बड़ी संख्या में अभिभावक एवं शिक्षक उपस्थित रहे।
कुशल मंच संचालन के साथ राष्ट्रगान से हुआ समापन
पूरे कार्यक्रम का मंच संचालन विद्यालय की शिक्षिका प्रीति कुमारी, छात्रा लक्ष्मी कुमारी एवं छात्र अनिरुद्ध विश्वकर्मा द्वारा अत्यंत प्रभावशाली और आकर्षक ढंग से किया गया, जिससे पूरा आयोजन व्यवस्थित एवं जीवंत बना रहा। विद्यालय परिवार ने इस सफल आयोजन के लिए सभी अतिथियों और अभिभावकों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। अंत में राष्ट्रगान के साथ इस गरिमामयी समारोह का समापन हुआ।
तीसरी धारा न्यूज — हर खबर पर पैनी नजर






















