जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र के मखदुमपुर रोड नंबर-2 में मंगलवार देर शाम हुए हिंसक झड़प के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
सूत्रों के अनुसार, पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट और पथराव हुआ, जिसमें दो लोग घायल हो गए। झड़प के दौरान एक कार में आग भी लगा दी गई, जिससे पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया। देर रात तक छापेमारी अभियान चलाकर पुलिस ने मोहम्मद सकील, मोहम्मद नौशाद, कलीम कुरैशी और मोहम्मद आशीफ कुरैशी को गिरफ्तार किया।
पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर अन्य आरोपियों की भी पहचान कर ली गई है। फिलहाल इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
न्यूज़ स्प्रिट, अंकित सिन्हा की रिपोर्ट।
