Site icon

तीसरी धारा न्यूज ​जमशेदपुर में अपराधियों का तांडव: 5 घंटे में 5 राउंड फायरिंग से दहला गोलमुरी, थार गाड़ी पर चलाईं गोलियां, 20 लाख की रंगदारी न देने पर कन्हैया यादव जैसा अंजाम भुगतने की धमकी

IMG 20260527 112418

जमशेदपुर:

लौहनगरी जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र में बीती रात बेखौफ अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर पूरे इलाके में दहशत फैला दी। अपराधियों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए महज पांच घंटे के भीतर दो अलग-अलग स्थानों पर कुल पांच राउंड गोलियां चलाईं। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से स्थानीय लोगों में भारी खौफ का माहौल है।

दो अलग-अलग इलाकों में ताबड़तोड़ फायरिंग

​मिली जानकारी के अनुसार, फायरिंग की पहली घटना रात करीब 8 बजे नामदा बस्ती स्थित गुरुद्वारा के पीछे हुई। अभी पुलिस इस मामले की कड़ियां जोड़ ही रही थी कि देर रात 12:56 बजे अपराधियों ने राज नामक व्यक्ति के घर के सामने धावा बोल दिया। यहाँ अपराधियों ने ताबड़तोड़ तीन राउंड फायरिंग की, जिसमें से एक गोली राज की थार (Thar) गाड़ी में जा लगी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक स्प्लेंडर बाइक पर सवार होकर तीन अपराधी आए थे, जो फायरिंग के बाद हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।

जेल में बंद बिल्ला पाठक गैंग पर शक, ‘कुंडी’ ने फोन पर मांगी 20 लाख की रंगदारी

​सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस पूरी वारदात के पीछे जेल में बंद कुख्यात अपराधी बिल्ला पाठक के गिरोह का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है। घटना को अंजाम देने का आरोप अमन शेखर, कुंडी और वीर सिंह पर लग रहा है।

​पीड़ित राज ने बताया कि वारदात से ठीक पहले उनके मोबाइल पर एक धमकी भरा कॉल आया था। कॉल करने वाले ने खुद को ‘कुंडी’ बताते हुए राज से 20 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की। जब राज ने पैसे देने से इनकार किया, तो कॉलर ने उन्हें सीधे जान से मारने की धमकी दी।

“कन्हैया यादव की तरह ऊपर पहुंचा देंगे”

रंगदारी मांगने वाले अपराधी ने फोन पर राज को डराते हुए कहा कि यदि 20 लाख रुपये की रकम नहीं दी गई, तो उनका अंजाम भी कन्हैया यादव जैसा होगा और उन्हें “ऊपर पहुंचा दिया जाएगा।” गौरतलब है कि कुछ महीने पहले कन्हैया यादव की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई थी, और उस हत्याकांड में भी कुंडी का नाम प्रमुखता से सामने आया था।

 

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, छापेमारी जारी

​सहर में सरेआम हुई इस गैंगवार और रंगदारी की घटना के बाद गोलमुरी थाना पुलिस तुरंत रेस हो गई है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर थार गाड़ी से बुलेट के खोखे बरामद किए हैं। पुलिस की टीमें अपराधियों की पहचान के लिए इलाके में लगे तमाम सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाल रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी सलाखों के पीछे होंगे।

ब्यूरो रिपोर्ट, तीसरी धारा न्यूज

Exit mobile version