जमशेदपुर | तीसरी धारा न्यूज: लौहनगरी में चैती छठ महापर्व और रामनवमी की तैयारियों के बीच सामाजिक संस्था ‘सेवा ही लक्ष्य’ (युवाशक्ति) के संस्थापक पीयूष ठाकुर एक बार फिर जनहित के मुद्दों को लेकर चर्चा में हैं। तीसरी धारा न्यूज को मिली जानकारी के अनुसार, पीयूष ठाकुर ने जमशेदपुर अक्षेस (JNAC) प्रशासन से छठ घाटों की स्थिति सुधारने और सफाई व्यवस्था को लेकर विशेष निवेदन किया है।
नदी और तालाबों की सफाई पर जोर
पीयूष ठाकुर ने मीडिया के माध्यम से जेएनएसी अधिकारियों से आग्रह किया है कि चैती छठ महापर्व बेहद करीब है, ऐसे में शहर के छोटे-बड़े सभी नदी घाटों और तालाबों की अविलंब सफाई कराई जाए। उन्होंने विशेष रूप से घाटों पर लाइटिंग (प्रकाश) की समुचित व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि संध्या और प्रातः अर्घ्य के दौरान व्रतियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
सिदगोड़ा क्षेत्र में कूड़ा हटाने की अपील
तीसरी धारा न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, पीयूष ठाकुर ने सिदगोड़ा सूर्य मंदिर के पीछे वाले क्षेत्र और सिदगोड़ा विद्युत कार्यालय के बगल में जमा कूड़े के अंबार को हटाने पर विशेष जोर दिया है। उन्होंने कहा कि इन स्थानों पर गंदगी के कारण छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है, इसलिए प्रशासन को यहाँ युद्ध स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाना चाहिए।
त्योहारों की दी शुभकामनाएं
’सेवा ही लक्ष्य’ (युवाशक्ति) की ओर से पीयूष ठाकुर ने समस्त झारखंडवासियों और देशवासियों को चैती नवरात्रि, चैती छठ और रामनवमी की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने अपील की है कि सभी श्रद्धालु हर्षोल्लास और आपसी भाईचारे के साथ इन महापर्वों को मनाएं।
