Site icon

मानगो के पारडीह में दुकान की छत काट कर लाखों की चोरी, भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह ने कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल

जमशेदपुर / मानगो:

मानगो थाना क्षेत्र के पारडीह चौक स्थित एक गल्ला दुकान में बीती रात चोरों ने एसबेस्टस की छत काटकर बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने दुकान के अंदर प्रवेश कर लगभग 85 हजार रुपये नगद और 10 हजार रुपये मूल्य की कीमती सामग्री पर हाथ साफ कर दिया और फरार हो गए।

सुबह दुकान खोलने पर हुआ घटना का खुलासा

​मिली जानकारी के अनुसार, पारडीह चौक पर महेश सिंह ‘मामा स्टोर’ नाम से गल्ला दुकान चलाते हैं। रोज की तरह वे बुधवार देर रात लगभग 11:00 बजे अपनी दुकान बंद करके घर चले गए थे। चूंकि दुकान में रोजाना की बिक्री अच्छी होती है, इसलिए सुबह सवेरे दूध, दही और अन्य कच्ची सामग्रियों का भुगतान करने के लिए उन्होंने 85 हजार रुपये नगद दुकान में ही एक बैग में रख दिए थे।

​गुरुवार सुबह लगभग 6:00 बजे जब महेश सिंह ने अपनी दुकान खोली, तो अंदर का नजारा देखकर दंग रह गए। दुकान का सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। जब उन्होंने ऊपर देखा तो छत का एसबेस्टस कटा हुआ था। चोरों ने उसी रास्ते से अंदर घुसकर बैग में रखे 85 हजार रुपये और अन्य सामान पार कर दिए थे।

विकास सिंह ने मानगो थाना को दी सूचना, पुलिस से की कार्रवाई की मांग

​घटना के तुरंत बाद पीड़ित दुकानदार महेश सिंह ने भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही विकास सिंह ‘मामा स्टोर’ पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने स्थानीय मानगो थाना को पूरे मामले से अवगत कराते हुए चोरों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की।

“नशा सामग्री और डेली लॉटरी की होलसेल मंडी बना मानगो” – विकास सिंह

​घटना पर आक्रोश जताते हुए भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह ने स्थानीय पुलिस और प्रशासन को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा:

​”पूरा मानगो क्षेत्र इस समय नशा सामग्री और डेली लॉटरी की होलसेल मंडी बन चुका है। कोई ऐसा गली-मोहल्ला नहीं बचा है, जहां धड़ल्ले से नशे का अवैध कारोबार न चल रहा हो। जब स्थानीय लोग इसका विरोध करते हैं, तो उन्हें इन अपराधियों की दबंगई और गुस्से का शिकार होना पड़ता है। हद तो तब हो जाती है जब लोग इसकी शिकायत थाने में करते हैं, लेकिन कथित मिलीभगत के कारण उन्हें वहाँ से भी निराशा ही हाथ लगती है।”

 

उग्र आंदोलन की चेतावनी

​विकास सिंह ने जिला प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि क्षेत्र में चोरी, नशे के अवैध धंधे और डेली लॉटरी पर तुरंत लगाम नहीं लगाई गई, तो वे जल्द ही स्थानीय लोगों को जागरूक और भयमुक्त करने के लिए एक विशाल पैदल मार्च निकालेंगे और जिला प्रशासन को आईना दिखाने का काम करेंगे।

– तीसरी धारा न्यूज ब्यूरो

Exit mobile version