Site icon

दलित परिवारों के पुनर्वास और भूमिहीनों को जाति प्रमाण पत्र देने की मांग, कांग्रेस SC विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिले सूरज मुखी

सरायकेला (तीसरी धारा न्यूज)। कोल्हान क्षेत्र में दलित समुदाय से जुड़ी ज्वलंत समस्याओं और मांगों को लेकर कांग्रेस अनुसूचित जाति (SC) विभाग के कोल्हान प्रभारी एवं कामगार कर्मचारी कांग्रेस के कार्यकारी जिला अध्यक्ष सूरज मुखी ने नई दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में एक शिष्टाचार भेंट की। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी डॉ. राजेंद्र पाल गौतम से मुलाकात कर क्षेत्र की गंभीर समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।

​सीनी रेल क्षेत्र के प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की मांग

​मुलाकात के दौरान सूरज मुखी ने सरायकेला-खरसावां जिले के सीनी रेल क्षेत्र में चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि दशकों से बसे दलित परिवारों को बेघर करना न्यायसंगत नहीं है। उन्होंने मांग की कि जब तक इन परिवारों के लिए वैकल्पिक आवास और समुचित पुनर्वास की व्यवस्था नहीं की जाती, तब तक कोई कार्रवाई न की जाए।

​भूमिहीन दलितों के लिए जाति प्रमाण पत्र और आयोग पुनर्गठन पर जोर

​सूरज मुखी ने भूमिहीन दलितों को आ रही प्रशासनिक व्यावहारिक समस्याओं को रेखांकित करते हुए मांग की कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सत्यापन/प्रमाणीकरण के आधार पर ही भूमिहीन दलितों को जाति प्रमाण पत्र जारी किए जाएं। इसके साथ ही उन्होंने राज्य में अनुसूचित जाति आयोग के जल्द पुनर्गठन की भी पुरजोर मांग की।

​राष्ट्रीय अध्यक्ष ने दिया आश्वासन

​इन मांगों को सुनने के बाद डॉ. राजेंद्र पाल गौतम ने स्पष्ट किया कि प्रभावित परिवारों के लिए पहले पुनर्वास की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित होनी चाहिए, उसके बाद ही कोई प्रशासनिक कदम उठाया जाना चाहिए। उन्होंने इस विषय पर आवश्यक पहल करने का पूरा भरोसा दिया। बातचीत के दौरान देश भर में दलितों और अल्पसंख्यकों पर बढ़ते अत्याचारों और छात्र आंदोलनों के समर्थन को लेकर भी विस्तृत विचार-विमर्श हुआ।

​उपायुक्त कार्यालय का किया गया रुख

​इधर, सीनी के प्रभावित दलित परिवारों की मांगों को लेकर प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त कार्यालय की ओर रुख किया। इस दौरान अनुसूचित जाति कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केदार पासवान, जिला परिषद सदस्य लक्ष्मी सरदार और कोल्हान अध्यक्ष सूरज मुखी मुख्य रूप से उपस्थित रहे और प्रभावित परिवारों के साथ अपनी एकजुटता दर्शाई।

– तीसरी धारा न्यूज रिपोर्ट

Exit mobile version