तीसरी धारा न्यूज | जमशेदपुर | 11 अगस्त 2026
छात्रों पर लाठीचार्ज और पेपर लीक के खिलाफ सड़कों पर उतरे भाजपा कार्यकर्ता
झारखंड सरकार की छात्र विरोधी कार्यशैली, युवाओं पर हुए लाठीचार्ज और JSSC व JPSC जैसी परीक्षाओं में लगातार हो रहे पेपर लीक के खिलाफ भाजपा परसुडीह मंडल द्वारा आयोजित बंद का व्यापक असर देखने को मिला। मंगलवार सुबह से ही भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और क्षेत्र के बाजारों में घूम-घूमकर दुकानदारों एवं व्यवसायियों से शांतिपूर्ण समर्थन की अपील की। आम नागरिकों और व्यापारियों के सहयोग से क्षेत्र में बंदी पूरी तरह असरदार रही।
लोकतंत्र के लिए शर्मनाक है छात्रों पर लाठीचार्ज: सुमित शर्मा
भाजपा परसुडीह मंडल अध्यक्ष सुमित कुमार शर्मा ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जिस सरकार को युवाओं और छात्रों की मांगें सुननी चाहिए, वही उनकी आवाज को लाठियों के बल पर दबा रही है। उन्होंने कहा कि JSSC और JPSC जैसी राज्य स्तरीय परीक्षाओं के पेपर लीक होने से लाखों अभ्यर्थियों का भविष्य अंधकार में लटक गया है। दिन-रात मेहनत करने वाले युवाओं का पूरी व्यवस्था से विश्वास उठ चुका है। सरकार को बयानबाजी छोड़कर निष्पक्ष जांच करानी चाहिए और दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।
सड़क से सदन तक जारी रहेगा आंदोलन
सुमित शर्मा ने स्पष्ट किया कि भाजपा छात्रों और युवाओं के हक की लड़ाई से पीछे नहीं हटेगी। जनता की आवाज दबाने की हर कोशिश का लोकतांत्रिक तरीके से सड़क से सदन तक पुरजोर विरोध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि परसुडीह की सफल बंदी ने यह साबित कर दिया है कि आम जनता और व्यापारी वर्ग वर्तमान सरकार की नीतियों से पूरी तरह असंतुष्ट हैं।
सैकड़ों कार्यकर्ताओं की रही सक्रिय मौजूदगी
कार्यक्रम के अंत में मंडल अध्यक्ष ने बंदी को सफल बनाने के लिए क्षेत्र के व्यवसायियों, युवाओं और आम नागरिकों का आभार जताया। इस विरोध प्रदर्शन एवं बंदी अभियान में मुख्य रूप से विजय विश्वकर्मा, अशोक सिंहा, गिरजा दुबे, आरती ओझा, दीपक वर्णवाल, दुर्गा सेनापति, दीपक करवा, संजीव कुमार ठाकुर, कपिल शर्मा, दुलाल राय, बच्चू चक्रवर्ती, गोविंदो कर्मकार, पप्पू चक्रवर्ती सहित सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल रहे।
रिपोर्ट: तीसरी धारा न्यूज, जमशेदपुर
