सरायकेला/आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाने की पुलिस पर कानून की धज्जियां उड़ाने और एक महिला की गरिमा के साथ खिलवाड़ करने का सनसनीखेज आरोप लगा है। पीड़ित मां पुतुल गोप ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय पहुंचकर अपनी आपबीती सुनाई और न्याय की गुहार लगाई है।
आधी रात को बिना वारंट घर में तांडव
पीड़ित महिला के अनुसार, बीते सोमवार की रात करीब 1 बजे आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की, टाइगर मोबाइल के जवान नीतीश पांडे, राघवेंद्र सिंह और अन्य पुलिसकर्मी जबरन उनके घर में घुस आए। आरोप है कि पुलिस के पास न तो कोई वारंट था और न ही छापेमारी के दौरान कोई महिला पुलिसकर्मी मौजूद थी। पुलिस ने सोते हुए युवक जिसू गोप को जबरन उठाया और थाने ले गई।
“हमें खुश कर दो, बेटे को छोड़ देंगे” – छेड़खानी का आरोप
घटना का सबसे शर्मनाक पहलू पुलिसकर्मियों की कथित बदतमीजी है। पुतुल गोप ने लिखित शिकायत में आरोप लगाया कि टाइगर मोबाइल के जवानों ने उनके साथ छेड़खानी की और अभद्र टिप्पणी करते हुए कहा, “तुम हमें खुश कर दो, तो मैं तुम्हारे बेटे को छोड़ दूंगा।” जब महिला के छोटे बेटे ने अपनी मां को बचाने का प्रयास किया, तो पुलिसकर्मियों ने उसे भी झूठे केस में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दी।
थाने में थर्ड डिग्री टॉर्चर और सुसाइड की चेतावनी
परिजनों का आरोप है कि जिसू गोप को थाने में ले जाकर बेरहमी से पीटा गया और उसे किसी पुराने आर्म्स एक्ट के मामले को कबूल करने के लिए मजबूर किया गया। मां ने बताया कि पुलिसिया प्रताड़ना से टूटकर जिसू ने आत्महत्या तक की बात कही है। हालांकि, आज पुलिस ने उसे घायल अवस्था में छोड़ दिया है, लेकिन उसके शरीर पर बने चोट के निशान पुलिस की बर्बरता बयां कर रहे हैं।
मामले पर एसपी का कड़ा रुख
यह पूरा मामला क्षेत्र में हुई एक वाहन तोड़फोड़ की घटना से जुड़ा बताया जा रहा है, जिसमें पुलिस को जिसू पर संदेह था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी निधि द्विवेदी ने कड़ी कार्रवाई के संकेत दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि:
- वर्दी का दुरुपयोग करने वाले पुलिसकर्मियों को बख्शा नहीं जाएगा।
- महिला की गरिमा से खिलवाड़ करने वाले आरोपियों पर उच्चस्तरीय जांच बैठाई गई है।
- दोष सिद्ध होने पर संबंधित पुलिसकर्मियों पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
तीसरी धारा न्यूज़ का सवाल
क्या कानून की रक्षा करने वाली पुलिस खुद रक्षक से भक्षक बन गई है? आधी रात को बिना महिला पुलिसकर्मी के किसी महिला के घर में घुसना और अभद्र टिप्पणी करना किस प्रोटोकॉल का हिस्सा है? उम्मीद है कि एसपी की जांच में पीड़ित परिवार को न्याय मिलेगा।
ब्यूरो रिपोर्ट, तीसरी धारा न्यूज़
