Site icon

साकची में उमड़ा सनातनी जनसैलाब: RSS के शताब्दी वर्ष पर विराट हिंदू सम्मेलन, ‘जाति छोड़ एक होने’ का आह्वान

जमशेदपुर: लौहनगरी के साकची बाजार में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शताब्दी वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ‘विराट हिंदू सम्मेलन’ का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में सनातनियों का भारी जनसैलाब देखने को मिला, जिसमें विशेष रूप से महिलाओं की सहभागिता ने सबका ध्यान खींचा। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुई।

लव जिहाद और महिला सशक्तिकरण पर जोर

​कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे श्री राम कृष्ण चौधरी ने अपने संबोधन में महिला सशक्तिकरण पर बल दिया। उन्होंने कहा, “सनातन की रक्षा में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। आज के समय में हमें अपनी बहन-बेटियों को ‘लव जिहाद’ जैसी कुरीतियों से बचाने के लिए जागरूक करने की आवश्यकता है।”

नशा मुक्ति और सामाजिक एकता का संदेश

​मुख्य अतिथि, श्री राधा गोविंद मंदिर के महंत भारती महाराज ने समाज में बढ़ते नशे के प्रति चिंता व्यक्त की। उन्होंने अपील की कि धर्म स्थापना के मार्ग में नशा एक बड़ा रोड़ा है, इसे जड़ से खत्म करने के लिए सबको आगे आना होगा। साथ ही, उन्होंने हिंदुओं से जाति-पाति के भेदभाव को त्याग कर एकजुट होने का आह्वान किया।

“हिंदू जागेगा तो देश जागेगा”

​मुख्य वक्ता और उत्तर पूर्व क्षेत्र के सामाजिक सद्भाव संयोजक राकेश लाल ने वर्तमान परिस्थितियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत में जन्म लेने से हम हिंदू तो हैं, लेकिन आज ‘सशक्त और जागरूक’ हिंदू बनने की जरूरत है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, “अगर हिंदू प्रांत, भाषा और जाति के नाम पर बंटेगा, तो देश भी बंटेगा। हिंदू की जागृति ही देश की जागृति है।”

क्षेत्र के गणमान्य जनों की गरिमामयी उपस्थिति

​इस विशाल सम्मेलन में साकची बाजार समिति के अध्यक्ष महावीर मोदी, महादेव लाल, सोमनाथ, विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष अजय गुप्ता, सह विभाग कार्यवाह विद्यासागर लाभ, मृत्युंजय जी, अमित जी समेत भाजपा नेता भरत सिंह, अमित अग्रवाल, विनय खुराना, मयूर पाठक और संदीप बर्मन सहित सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।

रिपोर्ट: तीसरी धारा न्यूज डेस्क

Exit mobile version