मुंबई: टीवी और फिल्म इंडस्ट्री से एक बेहद ही चौंकाने वाली और दुखद खबर सामने आ रही है। ‘कुमकुम भाग्य’ और ‘वागले की दुनिया’ जैसे लोकप्रिय धारावाहिकों में अपनी अदाकारी से पहचान बनाने वाली 30 वर्षीय अभिनेत्री संचिता उगले ने आत्महत्या कर ली है। यह घटना रविवार (14 जून) की शाम करीब 6:30 से 7:30 बजे के बीच की बताई जा रही है। संचिता के अचानक निधन की खबर से पूरी टीवी इंडस्ट्री और उनके प्रशंसक गहरे सदमे में हैं।
घर में अकेली थीं संचिता, साड़ी से बनाया फंदा
मिली जानकारी के अनुसार, संचिता उगले मुंबई से सटे नालासोपारा (पूर्व) के आचोले गांव स्थित एक घर में अपने माता-पिता और 15 वर्षीय छोटी बहन अंजलि के साथ रहती थीं। रविवार शाम करीब 5:30 बजे उनकी छोटी बहन किसी काम से घर से बाहर गई हुई थी और माता-पिता भी घर पर मौजूद नहीं थे।
जब घर पर कोई नहीं था, उसी दौरान संचिता ने अपने बेडरूम में सीलिंग फैन से साड़ी के सहारे फांसी लगा ली। जब परिजन और स्थानीय लोग घर पहुंचे, तो घटना का पता चला। आनन-फानन में उन्हें तत्काल महानगरपालिका के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सुसाइड नोट नहीं मिला, पुलिस जांच में जुटी
आचोले थाना पुलिस ने मामले की जानकारी मिलते ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में पुलिस को मौके से किसी भी तरह का सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिसके कारण आत्महत्या की असली वजह अभी तक साफ नहीं हो सकी है।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 194 के तहत आकस्मिक मृत्यु (ADR) दर्ज कर ली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे मामले की हर एंगल से जांच कर रहे हैं और कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों व करीबी दोस्तों से पूछताछ की जा रही है।
विक्की कौशल की ‘छावा’ और ‘कुमकुम भाग्य’ से मिली थी बड़ी पहचान
संचिता उगले मनोरंजन जगत का एक उभरता हुआ और जाना-पहचाना चेहरा थीं। उन्होंने टीवी से लेकर बॉलीवुड फिल्मों तक में अपनी अभिनय क्षमता का लोहा मनवाया था:
- टीवी शोज: ‘कुमकुम भाग्य’, ‘वागले की दुनिया’ और ‘साजन घर’ जैसे सुपरहिट शोज में अहम भूमिकाएं निभाईं.
- फिल्में: विक्की कौशल स्टारर चर्चित फिल्म ‘छावा’ में उन्होंने ‘ताराबाई’ का दमदार किरदार अदा किया था। इसके अलावा फिल्म ‘दिलवाली दूल्हा ले जाएगी’ में भी वे ‘सुकून’ के रोल में नजर आई थीं।
निधन से कुछ घंटे पहले शेयर की थी रील
संचिता सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव थीं और इंस्टाग्राम पर उनके 1.39 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि अपनी मौत से महज कुछ घंटे पहले उन्होंने मुस्कुराते और डांस करते हुए एक वीडियो रील पोस्ट की थी, जिसका कैप्शन था— “मैं नाचूं तू नाचा”। इस हंसते हुए चेहरे के पीछे क्या दर्द छिपा था, अब पुलिस इसी गुत्थी को सुलझाने की कोशिश कर रही है।
रिपोर्ट: तीसरी धारा न्यूज
