जमशेदपुर: दिल्ली में हजारों छात्रों द्वारा किए गए संसद प्रदर्शन और घेराव को लेकर समाजवादी चिंतक व वरिष्ठ अधिवक्ता सुधीर कुमार पप्पू ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने जारी प्रेस विज्ञप्ति में केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि छात्रों के भारी विरोध प्रदर्शन की खबर मिलते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संसद के पिछले दरवाजे से भाग खड़े हुए।
सुधीर कुमार पप्पू ने कहा कि संसद भवन परिसर में भारी पुलिस बल और कड़े पहरे के बावजूद अगर देश के प्रधानमंत्री खुद को असुरक्षित महसूस करते हैं और उन्हें वहां से हटना पड़ता है, तो यह बेहद शर्मनाक है। ऐसे प्रधानमंत्री को नैतिकता के आधार पर तुरंत अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
लाठी-गोली की सरकार नहीं चलेगी: सुधीर पप्पू
अधिवक्ता सुधीर कुमार पप्पू ने दिल्ली में छात्रों पर हुए बल प्रयोग की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर पुलिस ने बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज किया, जिससे सैकड़ों छात्र लहूलुहान हो गए। वहीं, पुलिस द्वारा छोड़े गए अश्रु गैस के गोलों के कारण कई छात्र मौके पर ही बेहोश हो गए।
उन्होंने आरोप लगाया कि यह पूरी तरह से मोदी सरकार की विफलता का प्रमाण है। देश में ‘लाठी-गोली की सरकार’ ज्यादा दिनों तक नहीं चलेगी।
इस्तीफा न देने पर देशव्यापी आंदोलन की चेतावनी
जमशेदपुर के वरिष्ठ अधिवक्ता ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अविलंब अपने पद से इस्तीफा नहीं देते हैं, तो आने वाले दिनों में यह छात्र आंदोलन थमेगा नहीं, बल्कि पूरे देश में और अधिक उग्र तथा तेज होगा। सरकार को युवाओं की आवाज को दबाने की बजाय उनकी मांगों पर ध्यान देना चाहिए।
— तीसरी धारा न्यूज
