रांची: झारखंड सरकार ने युवाओं को बड़ा तोहफा देने की तैयारी कर ली है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने दूसरे कार्यकाल के एक वर्ष पूरे होने पर 29 नवंबर को रांची में लगभग 10 हजार अभ्यर्थियों को ज्वाइनिंग लेटर देंगे। इस आयोजन के साथ ही “आपकी योजना, आपकी सरकार” अभियान का समापन भी किया जाएगा। नियुक्तियों में सबसे बड़ा हिस्सा शिक्षा विभाग को मिलेगा, जहां हजारों सहायक आचार्यों को नियमित पदों पर नियुक्त किया जाएगा।
रांची में मुख्य कार्यक्रम का आयोजन
बताया जा रहा है कि यह ऐतिहासिक नियुक्ति समारोह राजधानी रांची में आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन स्वयं चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान करेंगे। कार्यक्रम “आपकी योजना, आपकी सरकार” अभियान के समापन अवसर पर होगा, जो 18 नवंबर से 29 नवंबर तक पूरे राज्य में आयोजित किया जा रहा है।इस दौरान विभिन्न जिलों में सरकार की योजनाओं की समीक्षा, जनता से संवाद और विकास कार्यों का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया जाएगा। समारोह के अंतिम दिन राजधानी में युवाओं के हाथ में रोजगार के अवसर सौंपे जाएंगे।
शिक्षा विभाग में सर्वाधिक नियुक्तियां
इस नियुक्ति प्रक्रिया में सबसे अधिक लाभ शिक्षक अभ्यर्थियों को मिलने जा रहा है। करीब 8 हजार सहायक आचार्य (Assistant Teachers) सहित विभिन्न विभागों में कुल 10 हजार अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।इनमें झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) से सिविल सेवा परीक्षा में चयनित 342 अभ्यर्थी, दंत चिकित्सक (Dental Surgeons) और अन्य विभागों के चयनित उम्मीदवार भी शामिल हैं। शिक्षा विभाग के भीतर प्राथमिक और उच्च प्राथमिक दोनों स्तरों पर बड़े पैमाने पर पद भरे जा रहे हैं।
दो चरणों में पहले भी दिए जा चुके हैं नियुक्ति पत्र
राज्य सरकार इससे पहले भी दो चरणों में 1,218 सहायक आचार्यों को नियुक्ति पत्र प्रदान कर चुकी है। इनमें 1,040 गणित-विज्ञान विषय के स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य और गोड्डा जिले के 170 इंटरमीडिएट प्रशिक्षित सहायक आचार्य शामिल थे।
अब तीसरे चरण में 6वीं से 8वीं कक्षा तक के लिए स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य के 3,945 पद (गणित-विज्ञान – 414, भाषा – 813, सामाजिक विज्ञान – 2,718) और पहली से पांचवीं कक्षा तक के लिए इंटरमीडिएट प्रशिक्षित सहायक आचार्य के 4,263 पदों पर नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे।
काउंसिलिंग और दस्तावेज़ सत्यापन की प्रक्रिया जारी
शिक्षा विभाग के अनुसार, सहायक आचार्य के संशोधित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की काउंसिलिंग और दस्तावेज़ जांच प्रक्रिया जारी है। यह कार्य पूरा होने के बाद, योग्य अभ्यर्थियों को भी इसी मुख्य कार्यक्रम में नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।राज्य सरकार का कहना है कि इस नियुक्ति प्रक्रिया के माध्यम से न केवल युवाओं को रोजगार मिलेगा बल्कि राज्य के सरकारी विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
