Site icon

दिल्ली एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला: टेकऑफ के दौरान स्विस एयर के विमान के इंजन में लगी आग, 6 यात्री घायल

IMG 20260426 111336

नई दिल्ली: राजधानी के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय (IGI) हवाई अड्डे पर रविवार सुबह एक बड़ा विमान हादसा होते-होते रह गया। दिल्ली से ज्यूरिख (स्विट्जरलैंड) जाने वाली स्विस एयर की फ्लाइट (SWR146) के इंजन में टेकऑफ के दौरान अचानक आग लग गई। गनीमत रही कि पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाए, जिससे एक बड़ी त्रासदी टल गई।swiss air flights

इंजन फेल होते ही उठने लगा धुआं

​जानकारी के अनुसार, विमान जब रनवे पर दौड़ रहा था (टेकऑफ रोल), तभी उसके बाएं हिस्से से गहरा धुआं उठता देखा गया। बताया जा रहा है कि विमान का एक इंजन फेल हो गया और दाईं ओर लैंडिंग गियर के पास आग की लपटें दिखाई दीं। खतरे को भांपते हुए क्रू ने तत्काल विमान को रोक दिया और आपातकालीन निकासी (Emergency Evacuation) की प्रक्रिया शुरू की।

एयरपोर्ट पर ‘फुल इमरजेंसी’ घोषित

​हादसे की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट प्रशासन ने रनवे 28/10 पर ‘फुल इमरजेंसी’ घोषित कर दी। फायर टेंडर और एम्बुलेंस को तुरंत मौके पर तैनात किया गया। इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इस अफरा-तफरी और आपातकालीन निकास के दौरान छह यात्री घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अधिकारियों का बयान

​दिल्ली एयरपोर्ट प्रबंधन ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा, “आज तड़के स्विस इंटरनेशनल एयरलाइंस की फ्लाइट LX 147 (DEL-ZRH) के संबंध में पूर्ण आपात स्थिति घोषित की गई थी। सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस घटना के बावजूद एयरपोर्ट का परिचालन सामान्य रहा और अन्य उड़ानों पर इसका प्रभाव नहीं पड़ा।”

​जांच एजेंसियां अब इस तकनीकी खराबी के कारणों का पता लगाने में जुट गई हैं कि आखिर रनवे पर दौड़ते समय इंजन में आग किन परिस्थितियों में लगी।

रिपोर्ट: तीसरी धारा न्यूज़

Exit mobile version