Site icon

जमशेदपुर: IDTR गम्हरिया में छात्रों का भारी बवाल, प्लेसमेंट इंचार्ज के तबादले के विरोध में मुख्य गेट जाम

गम्हरिया/जमशेदपुर: औद्योगिक क्षेत्र गम्हरिया स्थित प्रतिष्ठित इंडो डेनिश टूल रूम (IDTR) में सोमवार को छात्रों ने जमकर हंगामा किया। संस्थान के प्लेसमेंट इंचार्ज सुमित कोली के अचानक किए गए तबादले (ट्रांसफर) से छात्र आक्रोशित हैं। सैकड़ों की संख्या में छात्रों ने संस्थान के मुख्य द्वार पर धरना देते हुए आवाजाही पूरी तरह ठप कर दी।IMG 20260413 WA0005

शिक्षकों और कर्मचारियों को रोका, गेट पर जड़ा ताला

​सोमवार सुबह से ही छात्र आईडीटीआर के मुख्य गेट पर जुटने लगे थे। उग्र प्रदर्शन के कारण माहौल इतना तनावपूर्ण हो गया कि छात्रों ने किसी भी शिक्षक या कर्मचारी को संस्थान के भीतर प्रवेश नहीं करने दिया। छात्रों का आरोप है कि प्रबंधन जानबूझकर बेहतर काम करने वाले अधिकारियों को हटा रहा है, जिससे उनके भविष्य और प्लेसमेंट पर बुरा असर पड़ेगा।

“सुमित कोली वापस लाओ” के लगे नारे

​प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि सुमित कोली पिछले काफी समय से छात्रों के प्लेसमेंट और करियर के लिए शानदार कार्य कर रहे थे। उन्होंने कहा:

​”सुमित सर का व्यवहार और उनका कार्य करने का तरीका छात्रों के हित में रहा है। ऐसे समय में जब प्लेसमेंट का दौर महत्वपूर्ण होता है, उनका अचानक ट्रांसफर किया जाना समझ से परे और गलत है। जब तक यह फैसला वापस नहीं होता, हमारा आंदोलन जारी रहेगा।”

 

सुमित कोली ने जोड़ हाथ, छात्रों से की अपील

​हंगामे की सूचना मिलते ही खुद सुमित कोली छात्रों के बीच पहुँचे। उन्होंने स्थिति को संभालने की कोशिश की और भावुक होकर हाथ जोड़कर छात्रों से आंदोलन समाप्त करने और पढ़ाई पर ध्यान देने की अपील की। हालांकि, छात्रों पर उनकी अपील का खास असर नहीं दिखा और वे अपनी मांग पर अड़े रहे।

प्रबंधन की चुप्पी और बढ़ता तनाव

​फिलहाल खबर लिखे जाने तक संस्थान परिसर में विरोध प्रदर्शन जारी है। छात्रों की जिद है कि प्रबंधन लिखित में सुमित कोली का ट्रांसफर रद्द करने का आश्वासन दे। इस पूरे घटनाक्रम पर IDTR प्रबंधन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। मौके पर तनाव को देखते हुए स्थानीय पुलिस और प्रशासन की नजर बनी हुई है।

ब्यूरो रिपोर्ट, तीसरी धारा न्यूज़

Exit mobile version