जमशेदपुर/जुगसलाई: जुगसलाई नगर परिषद चुनाव को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है। शनिवार को जुगसलाई नगर परिषद पार्क में आयोजित एक प्रेसवार्ता के दौरान विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने ‘हिंदुत्व और राष्ट्रवाद’ के मुद्दे पर अपनी स्थिति स्पष्ट की। विहिप के सिंहभूम विभाग मंत्री अरुण सिंह ने जनता से सीधे तौर पर अपील करते हुए कहा कि क्षेत्र के बेहतर भविष्य के लिए “पहले मतदान, फिर जलपान” के संकल्प के साथ एकजुट होना अनिवार्य है।
तेजी से बदलती डेमोग्राफी और ‘लैंड जिहाद’ पर प्रहार
प्रेस को संबोधित करते हुए अरुण सिंह ने जुगसलाई की बदलती जनसंख्या स्थिति (डेमोग्राफी) पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने आरोप लगाया कि:
- क्षेत्र में एक विशेष समुदाय की जनसंख्या में कृत्रिम रूप से वृद्धि की गई है।
- बाहर से आने वाले लोगों को बाहुबली और आपराधिक छवि वाले हिदायतुल्ला खान का संरक्षण प्राप्त है।
- महतो पाड़ा रोड स्थित सरकारी तालाब को रातों-रात भरकर वहां अवैध बसावट कराई गई है, जो सरकारी भूमि पर कब्जे का ज्वलंत उदाहरण है।
“सैडो अध्यक्ष” के खतरे से किया आगाह
विहिप नेता ने विपक्षी प्रत्याशी पर कटाक्ष करते हुए उन्हें “गूंगी गुड़िया” करार दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि विपक्ष चुनाव जीतता है, तो असल सत्ता हिदायतुल्ला खान के हाथों में होगी, जो “सैडो अध्यक्ष” (Shadow Chairman) के रूप में काम करेंगे। सिंह ने आशंका जताई कि ऐसी स्थिति में भविष्य में सरस्वती पूजा, रामनवमी और दुर्गा पूजा जैसे त्योहारों पर पथराव और व्यवधान की घटनाएं बढ़ सकती हैं, जिससे हिंदू समाज के लिए पूजा-पाठ करना भी मुश्किल हो जाएगा।
रिंकू सिंह को बताया ‘राष्ट्रवादी विकल्प’
अरुण सिंह ने मतदाताओं से अपील की कि वे अपनी सुरक्षा और हिंदुत्व के हितों की रक्षा के लिए राष्ट्रवादी महिला प्रत्याशी रिंकू सिंह के पक्ष में शत-प्रतिशत मतदान करें। उन्होंने नारा दिया कि “बंटेंगे तो कटेंगे, एक रहेंगे तो सेफ रहेंगे,” जिससे स्पष्ट है कि विहिप इस चुनाव को केवल नगर विकास नहीं, बल्कि सांस्कृतिक अस्मिता के चुनाव के रूप में देख रही है।
उपस्थिति:
इस प्रेसवार्ता में विहिप जिलाध्यक्ष अजय गुप्ता, मंत्री चंद्रका भगत, हिंदू पीठ के महासचिव दिलजॉय बोस, बजरंग दल संयोजक चंदन दास, गोपी राव, सबिता सिंह सहित कई अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
ब्यूरो रिपोर्ट: तीसरी धारा न्यूज
