Site icon

गोविंदपुर हादसा: जर्जर यातायात व्यवस्था के खिलाफ एकजुट हुए लोग, डीडीसी और ट्रैफिक डीएसपी से 7 सूत्री मांगों पर कार्रवाई की मांग

तीसरी धारा न्यूज | जमशेदपुर | 12 अगस्त 2026

प्रतिभा केंद्र मैदान में जुटे विभिन्न दलों व संगठनों के प्रतिनिधि

​गोविंदपुर अन्ना चौक के समीप बीते दिनों हुई भीषण सड़क दुर्घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में आक्रोश और गहराती चिंता का माहौल है। लगातार बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर नकेल कसने और जर्जर यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के उद्देश्य से गोविंदपुर स्थित प्रतिभा केंद्र मैदान में एक महत्वपूर्ण सर्वदलीय व सामाजिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक संगठनों और स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सभा में हादसों में अपनी जान गंवाने वाले लोगों के प्रति गहरा दुख व्यक्त किया गया और सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि अब प्रशासन के ढुलमुल रवैये को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

भारी वाहनों के नो-एंट्री समय में बदलाव की मांग

​बैठक के तुरंत बाद प्रतिनिधियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने उप विकास आयुक्त (डीडीसी) तथा ट्रैफिक डीएसपी से मुलाकात की और क्षेत्रवासियों की जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए 7 सूत्री मांग पत्र सौंपा। मांग पत्र में प्रमुख रूप से भारी वाहनों के परिचालन समय में बदलाव करने की मांग की गई है। प्रतिनिधियों ने मांग उठाई कि सुबह 5:00 बजे से 9:00 बजे तक, दोपहर 12:00 बजे से 3:00 बजे तक और संध्या 5:00 बजे से रात 11:00 बजे तक भारी वाहनों का परिचालन पूर्णतः प्रतिबंधित (नो-एंट्री) रखा जाए। इसके साथ ही गोविंदपुर के सभी प्रवेश एवं निकासी मार्गों पर नो-एंट्री के समय को दर्शाने वाले बड़े व स्पष्ट साइन बोर्ड लगाने की मांग की गई।

4 मौतों वाले डेंजर जोन में बैरिकेडिंग और स्पीड ब्रेकर की गुहार

​सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करना अनिवार्य बताया गया। प्रतिनिधिमंडल ने पूरे क्षेत्र में 10 किमी/घंटा की अधिकतम गति सीमा तय करने और प्रमुख स्थानों पर 20 गति-सीमा साइन बोर्ड लगाने की मांग की। इसके अलावा, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों को चिह्नित कर कम से कम 10 स्पीड ब्रेकर बनाने का आग्रह किया गया। विशेष रूप से गोविंदपुर गिट्टी मशीन के समीप घनी आबादी वाले क्षेत्र में लोहे की मजबूत बैरिकेडिंग कराने पर जोर दिया गया, जहाँ अब तक हुए हादसों में 4 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।

स्ट्रीट लाइट, ट्रैफिक पोस्ट और नो-पार्किंग पर सख्ती की मांग

​क्षेत्र में अंधेरे के कारण होने वाली दुर्घटनाओं से बचाव के लिए अन्ना चौक से काली मंदिर तक समुचित स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग उठाई गई, जिसके लिए निर्वाण बिजली कंपनी से सहयोग लेने का सुझाव दिया गया है। साथ ही गोविंदपुर में यातायात पुलिस कर्मियों के बेहतर संचालन के लिए 5 कमरों के ट्रैफिक पोस्ट की व्यवस्था करने और सड़कों के किनारे अवैध रूप से खड़े नो-पार्किंग वाहनों को तुरंत हटाने के कड़े निर्देश जारी करने की अपील की गई। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासनिक अधिकारियों को चेतावनी दी है कि यदि इन मांगों पर त्वरित कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन का रुख अपनाया जाएगा। वहीं अधिकारियों ने जल्द ही सकारात्मक कदम उठाने का आश्वासन दिया है।

— तीसरी धारा न्यूज

Exit mobile version