जमशेदपुर/सरायकेला: जमशेदपुर से सटे सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र से एक 19 वर्षीय युवती के रहस्यमय तरीके से लापता होने की खबर सामने आई है। लापता युवती की पहचान गौसनगर (बगदादीया मस्जिद के पास) निवासी अफताब अंसारी की पुत्री सोनम परवीन (19) के रूप में हुई है। वह कपाली स्थित झारखंड पब्लिक स्कूल में कक्षा सात की छात्रा है।
क्या है पूरा मामला?
परिजनों के अनुसार, यह घटना शुक्रवार सुबह की है। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 10 बजे घर में किसी बात को लेकर सोनम और उसकी मां के बीच मामूली कहासुनी हुई थी। विवाद के कुछ देर बाद तक सोनम घर में ही मौजूद थी, लेकिन जब अचानक परिजनों की नजर पड़ी, तो वह गायब मिली।
परिजनों ने की काफी खोजबीन
सोनम के अचानक घर से चले जाने के बाद परिजनों ने आनन-फानन में आसपास के मुहल्लों और अपने सभी रिश्तेदारों के यहाँ उसकी तलाश की। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो चिंतित माता-पिता ने कपाली ओपी (पुलिस चौकी) पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस जांच और पिता की अपील
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए युवती की तलाश शुरू कर दी है। इधर, बेटी के वियोग में परेशान पिता अफताब अंसारी ने आम जनता से सहयोग की अपील की है।
सूचना देने के लिए संपर्क करें: > यदि किसी व्यक्ति को सोनम परवीन के बारे में कोई भी जानकारी मिले, तो वे कृपया मोबाइल नंबर 9113700458 पर संपर्क कर परिवार को सूचित करें।
तीसरी धारा न्यूज के लिए कपाली से विशेष रिपोर्ट।
