आदित्यपुर: टाटा-कांड्रा मुख्य सड़क पर रविवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक सड़क दुर्घटना के बाद खुद को पत्रकार बताने वाले एक युवक ने जमकर हंगामा किया। घटना आशियाना मोड़ स्थित पेट्रोल पंप के समीप की है।
हादसे के बाद गुंडागर्दी और अभद्रता
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक स्कूटी सवार युवक ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो को नुकसान पहुँचा। हादसे के बाद माफी मांगने के बजाय स्कूटी सवार युवक ने खुद को मीडिया कर्मी बताया और ऑटो चालक के साथ गाली-गलौज और अभद्रता शुरू कर दी। इतना ही नहीं, युवक ने आपा खोते हुए ऑटो का शीशा भी तोड़ दिया।
कवरेज कर रहे पत्रकारों से उलझा ‘कथित’ पत्रकार
हंगामे की सूचना पाकर जब स्थानीय पत्रकार मौके पर कवरेज करने पहुंचे, तो युवक उनसे भी भिड़ गया। उसने खुद को “सोशल संवाद” का पत्रकार बताते हुए वहां मौजूद मीडियाकर्मियों के साथ तीखी बहस की और एक पत्रकार का कैमरा छीनने का प्रयास किया। जब उससे पहचान पत्र (ID Card) दिखाने को कहा गया, तो वह कोई भी वैध प्रमाण पेश नहीं कर सका।
पुलिस की कार्रवाई और पहचान का खुलासा
सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना की गश्ती टीम मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस पूछताछ में युवक की पहचान चंद्रभानु सिंह (निवासी: भाटिया बस्ती) के रूप में हुई। जांच में यह स्पष्ट हो गया कि युवक पत्रकारिता से जुड़ा कोई ठोस दस्तावेज नहीं दिखा पाया, जिसके बाद पुलिस ने उसे कड़ी फटकार लगाई।
असली पत्रकारों में आक्रोश: कार्रवाई की मांग
इस घटना ने एक बार फिर वाहनों पर “प्रेस” लिखकर घूमने वाले फर्जी पत्रकारों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय पत्रकारों का कहना है कि ऐसे असामाजिक तत्व न केवल कानून का उल्लंघन करते हैं, बल्कि समाज में वास्तविक पत्रकारों की छवि को भी धूमिल कर रहे हैं। पत्रकारों ने जिला प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि फर्जी आईडी कार्ड और प्रेस स्टिकर का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई की जाए।
ब्यूरो रिपोर्ट: तीसरी धारा
न्यूज

