शहर में सड़कों के किनारे फैले अतिक्रमण को हटाने के लिए प्रशासन कल से एक सघन अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू करने जा रहा है. इसे लेकर गुरुवार को ADC भगीरथ प्रसाद की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें टाटा स्टील, यूसिल, जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति, मानगो अधिसूचित क्षेत्र समिति और जुगसलाई नगर परिषद के अधिकारी उपस्थित थे.
बैठक में निर्णय लिया गया कि सरकारी और कंपनी लीज वाली जमीन पर किए गए सभी अतिक्रमणों को कड़ाई से हटाया जाएगा. विशेष रूप से उन क्षेत्रों पर ध्यान दिया जाएगा, जहाँ सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण जाम की समस्या गंभीर रूप ले चुकी है.
प्रशासन ने साफ कहा है कि ट्रैफिक सुचारू करने के लिए सड़क किनारे किए गए सभी अवैध निर्माण हटाए जाएंगे.
इसके लिए जमशेदपुर पूर्वी और जमशेदपुर पश्चिमी क्षेत्रों के लिए दो अलग-अलग कमेटियाँ बनाई गई हैं. ये कमेटियाँ हर 15 दिनों में ADC के साथ समीक्षा बैठक करेंगी और अपनी रिपोर्ट पेश करेंगी.
इसके अलावा, नगर निकायों और टाटा स्टील की टीम पूरे शहर में भ्रमण कर अतिक्रमण की सूची तैयार करेगी, जिसके आधार पर अभियान चलाया जाएगा. उधर, साकची क्षेत्र में माइकिंग कर लोगों को पहले ही चेतावनी दी जा चुकी है कि प्रशासन कल से बड़े स्तर पर कार्रवाई शुरू करने वाला है.
