जमशेदपुर / बनारस: शहर के चर्चित “बजरंग चाय वाले” अंकित की बहन मेहंदी कुमारी के साथ हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर राष्ट्रीय मानस प्रचारक पं० अभिषेक पाठक ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। बनारस से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में उन्होंने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे अमानवीय बताया है।
षड्यंत्र के तहत नाम जोड़ने का आरोप
पं० अभिषेक पाठक ने स्पष्ट किया कि कुछ शरारती और षड्यंत्रकारी तत्व इस आपराधिक घटना में जबरन उनका नाम और उनकी गाड़ी को घसीटने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा:
”सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से मेरी गाड़ी पर किसी विशेष दल का झंडा होने या इस घटना से मेरे संबंध की जो भी बातें फैलाई जा रही हैं, वे पूरी तरह निराधार, असत्य और भ्रामक हैं। मैं इस दुष्प्रचार का घोर खंडन करता हूँ।”
आरोपियों से तोड़ा नाता
विज्ञप्ति में उन्होंने साफ तौर पर कहा कि घटना में जिन व्यक्तियों के नाम सामने आ रहे हैं, वे पूर्व में उनकी मंडली का हिस्सा जरूर थे, लेकिन उनके आचरण को देखते हुए उन्हें पहले ही पदों से मुक्त किया जा चुका है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे ऐसी किसी भी मानसिकता या कृत्य का समर्थन नहीं करते हैं।
प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग
पंडित पाठक ने जमशेदपुर पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर विश्वास जताते हुए मांग की है कि दोषियों को चिन्हित कर उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। उन्होंने कहा कि वे पूरी तरह से न्याय के पक्ष में हैं और किसी भी अपराधी को उनका संरक्षण प्राप्त नहीं है।
पीड़ित परिवार से करेंगे मुलाकात
वर्तमान में बनारस में एक पूर्व निर्धारित कार्यक्रम में व्यस्त होने के कारण उन्होंने बताया कि कार्यक्रम संपन्न होते ही वे जमशेदपुर लौटेंगे और पीड़ित परिवार से मुलाकात करेंगे। उन्होंने ईश्वर से मेहंदी कुमारी के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना की है और आम जनता से अपील की है कि बिना किसी पुष्टि के अफवाहों पर ध्यान न दें।
तीसरी धारा न्यूज डेस्क
