जमशेदपुर / डेस्क:
शहर के गोविंदपुर थाना क्षेत्र स्थित जनता फ्लैट में पड़ोसियों के बीच का विवाद अब थाने तक पहुंच गया है। यहाँ रहने वाले मृत्युञ्जय सिंह ने अपने पड़ोसी गणेश झा और उनके तीन बेटों के खिलाफ गाली-गलौज, अभद्र व्यवहार, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने तथा जान से मारने की धमकी देने का एक लिखित मामला दर्ज कराया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि वे लंबे समय से इस प्रताड़ना को झेल रहे हैं और अब पूरा परिवार खौफ के साए में जीने को मजबूर है।
बुलेट मोटरसाइकिल में तोड़फोड़, सीसीटीवी में कैद हुई करतूत
थाने में दिए गए आवेदन के अनुसार, घटना बीती 7 जून 2026 की शाम करीब 5:35 बजे की है। पीड़ित मृत्युञ्जय सिंह का आरोप है कि आरोपी गणेश झा ने उनके घर के बाहर खड़ी उनकी बुलेट मोटरसाइकिल के साथ बेरहमी से तोड़फोड़ की। इस दौरान बाइक के कई कीमती पार्ट्स को बूरी तरह नुकसान पहुंचाया गया। राहत की बात यह है कि तोड़फोड़ की यह पूरी वारदात वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जिसे पुलिस को साक्ष्य के रूप में सौंपने की बात कही जा रही है।
महिलाओं से अभद्रता और मानसिक प्रताड़ना का आरोप
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि आरोपी और उनके बेटे अक्सर उनके परिवार की महिलाओं को देखते ही अभद्र और अमर्यादित भाषा का प्रयोग करते हैं। लगातार हो रही इस बदसलूकी के कारण पूरा परिवार गहरे मानसिक तनाव और अवसाद से गुजर रहा है।
मृत्युञ्जय सिंह ने बताया कि उनके माता-पिता वर्तमान में इलाज के सिलसिले में शहर से बाहर रहते हैं। घर में बुजुर्गों की अनुपस्थिति और आरोपियों के आक्रामक रवैये के कारण घर के सदस्य हर वक्त अनहोनी की आशंका से डरे हुए हैं। उनका यह भी कहना है कि इससे पूर्व भी स्थानीय स्तर पर पुलिस प्रशासन को इस संबंध में अवगत कराया गया था, लेकिन आरोपियों के हौसले पस्त नहीं हुए।
निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की गुहार
पीड़ित ने गोविंदपुर थाना प्रभारी से इस पूरे मामले की निष्पक्षता से जांच करने, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई करने और सभी नामजद आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही, उन्होंने अपने परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी गुहार लगाई है।
पुलिस की कार्रवाई:
लिखित शिकायत मिलने के बाद गोविंदपुर थाना पुलिस मामले की सत्यता की जांच में जुट गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों और सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद कानून के मुताबिक आगे की उचित कार्रवाई की जाएगी।
तीसरी धारा न्यूज की रिपोर्ट।
