Site icon

प्राथमिक विद्यालय के जर्जर कमरे की मरम्मत की उठी मांग, पंचायत समिति सदस्यों ने प्रमुख को सौंपा ज्ञापन

तीसरी धारा न्यूज, जमशेदपुर

​बागबेड़ा कॉलोनी रोड नंबर–1 स्थित प्राथमिक विद्यालय के जर्जर कमरों की अविलंब मरम्मत कराने की मांग को लेकर पंचायत समिति सदस्यों के एक प्रतिनिधिमंडल ने जमशेदपुर प्रखंड प्रमुख पानी सोरेन से मुलाकात की और उन्हें एक मांग पत्र सौंपा।

​सौंपे गए ज्ञापन में प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि विद्यालय भवन के दोनों कमरे विगत कई वर्षों से अत्यंत जर्जर अवस्था में हैं। इसी जर्जर स्थिति के बीच प्रतिदिन मासूम बच्चों की कक्षाएं संचालित की जाती हैं। कमरे का छज्जा लगातार टूटकर गिर रहा है, जिससे विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों एवं शिक्षकों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि समय रहते इसकी मरम्मत नहीं कराई गई, तो कभी भी कोई अप्रिय घटना घट सकती है।

​प्रतिनिधिमंडल ने विद्यालय में बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।

प्रखंड प्रमुख ने दिया कार्रवाई का आश्वासन

​मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रमुख पानी सोरेन ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि वे इस संबंध में जल्द ही जिला शिक्षा पदाधिकारी से पत्राचार करेंगे तथा उनसे सीधी वार्ता कर विद्यालय के जर्जर कमरे की शीघ्र मरम्मत कराने का हर संभव प्रयास करेंगे।

इस अवसर पर उपस्थित प्रतिनिधि:

ज्ञापन सौंपने के दौरान पंचायत समिति सदस्य झरना मिश्रा, सुनील गुप्ता, सुशील कुमार, सोनिया भूमिज, जैस्मिन गुड़िया तथा वार्ड सदस्य उमेश पांडे मुख्य रूप से उपस्थित थे।

रिपोर्ट: तीसरी धारा न्यूज (जमशेदपुर)

Exit mobile version