Site icon

जमशेदपुर: उलीडीह में रंगदारी न देने पर युवक पर जानलेवा हमला, पुलिस की निष्क्रियता से खुलेआम घूम रहे अपराधी

जमशेदपुर: उलीडीह थाना क्षेत्र के डिमना रोड मानगो के रहने वाले एक युवक पर रंगदारी न देने को लेकर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के संबंध में पीड़ित बीरेन्द्र कुमार (पिता श्री कृष्ण सिंह, निवासी- 302, राजेन्द्र नगर, कुंवर सिंह पथ, उलीडीह) ने उलीडीह थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।AddText 06 21 03.05.55

​₹11,000 की रंगदारी मांगने का विरोध करने पर किया हमला

​शिकायत पत्र के अनुसार, घटना 20 मई 2026 की रात लगभग 10:00 बजे की है। पीड़ित बीरेन्द्र कुमार ने बताया कि अभिषेक सिंह उर्फ गोलू, केशव सिंह, अखिलेश सिंह और राकेश सिंह उर्फ सोनू (जो टाटा स्टील में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत्त है) रॉड, लाठी और डंडे से लैस होकर आए। इन लोगों ने पीड़ित से रंगदारी के रूप में ₹11,000 की मांग की। जब बीरेन्द्र ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया।

​रॉड और डंडों से बेरहमी से पीटा, पैर तोड़ा

​आरोपियों ने बीरेन्द्र कुमार के सिर, मुंह, आंख, जबड़े और पैर पर बेरहमी से वार किया। हमले में बीरेन्द्र का दाहिना पैर टूट गया और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव करने आए पीड़ित के बड़े भाई बिपिन कुमार पर भी आरोपियों ने हमला कर दिया।

​इसके अलावा, आरोपियों ने पीड़ित के गले से हनुमान जी का लॉकेट और पॉकेट में रखे ₹1,400 भी छीन लिए। घटना के बाद लहूलुहान हालत में पीड़ित को इलाज के लिए साकची स्थित MGM सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज हुआ।

​पुलिस नहीं कर रही कोई कार्रवाई, पीड़ित परिवार को मिल रही धमकियां

​इस पूरे मामले में सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि घटना के इतने दिन बीत जाने और लिखित शिकायत दिए जाने के बाद भी उलीडीह थाना पुलिस की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। पुलिस की इस निष्क्रियता के कारण नामजद अपराधी बेखौफ होकर खुलेआम घूम रहे हैं।

​पीड़ित परिवार का आरोप है कि टाटा स्टील में सिक्योरिटी गार्ड के पद पर तैनात राकेश सिंह उर्फ सोनू अपने अन्य साथियों अभिषेक सिंह उर्फ गोलू, केशव सिंह और अखिलेश सिंह के साथ मिलकर लगातार केस उठाने का दबाव बना रहा है। खुलेआम घूम रहे ये अपराधी पूरे परिवार को अंजाम भुगतने की धमकियां दे रहे हैं।

​उच्च अधिकारियों से मिला सिर्फ आश्वासन, कोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए अपराधियों ने फिर लगाई याचिका

​न्याय की आस में पीड़ित परिवार पुलिस के उच्च अधिकारियों से भी मुलाकात कर चुका है, परंतु वहां से भी उन्हें केवल आश्वासन के अलावा कुछ हासिल नहीं हुआ। पुलिस स्तर पर कार्रवाई न होता देख बीरेन्द्र सिंह के परिवार ने न्याय के लिए न्यायालय (कोर्ट) का दरवाजा खटखटाया और वहां याचिका दायर की है।

​इधर, गिरफ्तारी से बचने के लिए अपराधियों ने न्यायालय में अग्रिम जमानत (एंटीसिपेटरी बेल) के लिए आवेदन किया था, जिसे कोर्ट ने एक बार निरस्त (रिजेक्ट) कर दिया है। इसके बावजूद अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और उन्होंने एक बार फिर से अग्रिम जमानत के लिए न्यायालय में याचिका दायर की है। पीड़ित परिवार अब कोर्ट से ही उचित न्याय और सुरक्षा की उम्मीद लगाए बैठा है।

तीसरी धारा न्यूज

Exit mobile version