जमशेदपुर (लक्ष्मीनगर) | तीसरी धारा न्यूज
जमशेदपुर के लक्ष्मीनगर क्षेत्र ने आज अपना एक समर्पित अभिभावक और कर्मठ कार्यकर्ता खो दिया है। लक्ष्मीनगर निवासी और क्षेत्र के जाने-माने समाजसेवी श्री सोमनाथ साहु (70 वर्ष) का शनिवार को हृदय गति रुकने (हार्ट अटैक) से आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर फैलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
अस्पताल ले जाने के दौरान हुआ निधन
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, शनिवार को घर पर उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। उन्हें तत्काल इलाज के लिए टाटा मेन अस्पताल (TMH) ले जाया जा रहा था, लेकिन दुर्भाग्यवश मार्ग में ही उन्होंने अंतिम सांस ली। चिकित्सकों ने उन्हें अस्पताल पहुँचने पर मृत घोषित कर दिया।
सामाजिक जीवन में सक्रिय भूमिका
स्वर्गीय सोमनाथ साहु न केवल लक्ष्मीनगर के महामंत्री के रूप में सेवा दे रहे थे, बल्कि वे लक्ष्मीनगर वरिष्ठ नागरिक भवन के भी सक्रिय सदस्य थे। 70 वर्ष की आयु में भी वे सामाजिक कार्यों के लिए सदैव तत्पर रहते थे। वे अपने पीछे एक भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
समाजसेवी करनदीप सिंह ने व्यक्त की संवेदना
उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए युवा समाजसेवी करनदीप सिंह ने कहा:
”सोमनाथ जी का जाना हमारे समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति है। वे एक ऐसे व्यक्तित्व थे जो जाति-धर्म से ऊपर उठकर हर वर्ग की सेवा के लिए तन-मन-धन से समर्पित रहते थे। उनकी कमी हमें हमेशा खलेगी।”
स्वर्णरेखा घाट पर हुआ अंतिम संस्कार
आज उनके पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार स्वर्णरेखा घाट पर पूरे विधि-विधान के साथ कर दिया गया। इस दौरान क्षेत्र के कई गणमान्य लोग, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय निवासी उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचे।
ब्यूरो रिपोर्ट: तीसरी धारा न्यूज
