Site icon

जेम्को उत्क्रमित उच्च विद्यालय कालीमाटी में प्लास्टिक मुक्त परिसर का संकल्प, बच्चों ने बनाए पोस्टर

जमशेदपुर, 3 जुलाई 2026: उत्क्रमित उच्च विद्यालय कालीमाटी जेम्को (आज़ाद बस्ती) में शुक्रवार को ‘अंतरराष्ट्रीय प्लास्टिक बैग मुक्त दिवस’ के अवसर पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में कदम बढ़ाते हुए प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह से बंद करने और परिसर को स्वच्छ रखने का सामूहिक संकल्प लिया।IMG 20260703 WA0057

​जागरूकता अभियान के तहत बच्चों ने अपनी रचनात्मकता का प्रदर्शन करते हुए कई सुंदर और प्रेरणादायक पोस्टर बनाए। इन पोस्टरों के माध्यम से विद्यार्थियों ने प्लास्टिक के अंधाधुंध उपयोग से होने वाले खतरों और बेजुबान पशुओं व प्रकृति पर इसके दुष्प्रभावों को बेहद सजीव तरीके से दर्शाया।

​कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रधानाध्यापक धनंजय श्रीवास्तव ने कहा कि प्लास्टिक हमारे पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य के लिए एक गंभीर खतरा बन चुका है। उन्होंने बच्चों द्वारा बनाए गए पोस्टरों और उनके इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा की। साथ ही, उन्होंने सभी बच्चों से अपील की कि वे केवल स्कूल ही नहीं, बल्कि अपने घर और आसपास के क्षेत्र को भी प्लास्टिक मुक्त बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।

​इस अवसर पर मुख्य रूप से शिक्षक राकेश कुमार सिंह, विद्यालय प्रबंधन समिति के प्रतिनिधि सदस्य करनदीप सिंह, बाल संसद की प्रधानमंत्री नंदिनी कुमारी सहित भारी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने मिलकर विद्यालय और समाज को प्लास्टिक के दुष्प्रभावों से बचाने व इसे पूरी तरह प्लास्टिक मुक्त बनाने का दृढ़ संकल्प लिया।

रिपोर्ट: तीसरी धारा न्यूज

Exit mobile version