Site icon

दिल्ली हाई कोर्ट में हड़कंप: सुनवाई के दौरान अचानक चलने लगा अश्लील वीडियो, हैकर ने दी बड़ी चेतावनी

नई दिल्ली/डेस्क: देश की राजधानी में न्याय के मंदिर से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने सुरक्षा व्यवस्था और वर्चुअल सुनवाई की प्रणालियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बुधवार को दिल्ली हाई कोर्ट की कार्यवाही के दौरान उस वक्त सन्नाटा पसर गया, जब वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (VC) के जरिए चल रही सुनवाई में किसी ने अश्लील वीडियो प्ले कर दिया।IMG 20260429 164446

सुनवाई के बीच वर्चुअल घुसपैठ

​यह शर्मनाक घटना उस समय हुई जब चीफ जस्टिस देवेंद्र कुमार उपाध्याय और जस्टिस तेजस कारिया की खंडपीठ सप्लीमेंट्री लिस्ट के मामलों पर सुनवाई कर रही थी। ‘लाइव लॉ’ की रिपोर्ट के अनुसार, वर्चुअल कॉन्फ्रेंसिंग में ‘Shitjeet Sighn’ नाम के एक यूजर ने लॉग-इन किया और अचानक अपनी स्क्रीन शेयर कर पोर्नोग्राफिक कंटेंट चला दिया।

एक नहीं, तीन बार किया गया हमला

​अदालत के कर्मचारियों ने तुरंत मुस्तैदी दिखाते हुए वीडियो कॉन्फ्रेंस बंद कर दी। लेकिन हैरानी और चिंता की बात यह रही कि जब-जब VC दोबारा शुरू की गई, उस घुसपैठिये ने फिर से वही हरकत दोहराई।

“तुम हैक हो चुके हो”: हैकर की खुली धमकी

​तीसरी बार वीडियो चलने के दौरान बैकग्राउंड से आवाज आई कि— “यह यूनाइटेड स्टेट्स से किया गया एक हैक है। इस मीटिंग को अभी तुरंत बंद कर दो। इसे दोबारा कभी शुरू मत करना। तुम हैक हो चुके हो।” इस चेतावनी के बाद कोर्ट रूम में हड़कंप मच गया। सुरक्षा के मद्देनजर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग को काफी देर तक बंद रखा गया। बाद में जब कार्यवाही बहाल हुई, तो अनजान यूजर्स को तुरंत लॉक कर दिया गया और कोर्ट का ऑडियो-वीडियो एक्सेस भी कड़ा कर दिया गया।

तीसरी धारा न्यूज की विशेष रिपोर्ट

​किसी उच्च न्यायालय की कार्यवाही में इस तरह की सेंधमारी न केवल तकनीकी सुरक्षा में बड़ी चूक है, बल्कि न्यायपालिका की गरिमा पर भी हमला है। अगर हैकर अंतरराष्ट्रीय स्तर से ऐसी हरकत कर रहे हैं, तो यह साइबर सुरक्षा के लिहाज से एक “अलार्मिंग बेल” है। तीसरी धारा न्यूज इस मामले में कड़ी जांच और दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की मांग करता है।

ब्यूरो रिपोर्ट, तीसरी धारा न्यूज

Exit mobile version