Site icon

NEET UG परीक्षा को लेकर केंद्र सरकार का बड़ा फैसला: टेलीग्राम पर 22 जून तक लगी अस्थायी रोक, पेपर लीक की अफवाहों को रोकने के लिए ‘मैसेज एडिटिंग’ फीचर भी रहेगा बंद

Telegram 1781587265633 m

नई दिल्ली:

देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG की दोबारा होने वाली परीक्षा को निष्पक्ष और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए केंद्र सरकार ने एक बेहद कड़ा और अभूतपूर्व कदम उठाया है। सरकार ने देश भर में लोकप्रिय मैसेजिंग ऐप टेलीग्राम (Telegram) के इस्तेमाल पर 22 जून 2026 तक अस्थायी रोक लगा दी है। यह फैसला सूचना प्रौद्योगिकी (IT) अधिनियम, 2000 की धारा 69A के तहत लिया गया है।

​परीक्षा के मद्देनजर लिया गया फैसला

​21 जून को NEET UG की दोबारा परीक्षा (Re-examination) आयोजित होने जा रही है। परीक्षा के दौरान और उसके तुरंत बाद किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, अफवाह या पेपर लीक के दावों को रोकने के लिए इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने यह निर्देश जारी किया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के अनुसार, टेलीग्राम प्लेटफॉर्म का एक्सेस 22 जून 2026 तक पूरी तरह सीमित रहेगा, जिसमें परीक्षा का दिन और उसके ठीक बाद का संवेदनशील समय शामिल है।

​’मैसेज एडिटिंग’ फीचर पर भी गाज

​इस प्रतिबंध के साथ ही सरकार ने टेलीग्राम को एक और कड़ा निर्देश दिया है। इसके तहत भारत में पहले से पोस्ट किए गए मैसेजेस के लिए ‘मैसेज-एडिटिंग’ (Message-Editing) फीचर को 30 जून 2026 तक के लिए ब्लॉक करने को कहा गया है।

​जांच एजेंसियों और NTA के मुताबिक, इस खास फीचर का गलत इस्तेमाल राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं के बाद ‘बैकडेट’ में मैसेज एडिट करके फर्जी तरीके से ‘पेपर लीक’ के झूठे सबूत गढ़ने और भ्रम फैलाने के लिए किया जाता रहा है। इसी तकनीकी खामी को दूर करने के लिए यह कदम उठाया गया है।

ब्यूरो रिपोर्ट, तीसरी धारा न्यूज

Exit mobile version