जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री संजीव रंजन ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है। एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर उन्होंने देश की वर्तमान आर्थिक स्थिति को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए और इसे ‘अघोषित आपातकाल’ करार दिया।
सत्ता की भूख में संसाधनों की बर्बादी
संजीव रंजन ने प्रधानमंत्री के उस कथित आह्वान पर तंज कसा, जिसमें देशवासियों से एक साल तक सोना न खरीदने और डीजल बचाने की अपील की गई है। उन्होंने सवाल पूछा कि यदि देश की आर्थिक स्थिति इतनी ही नाजुक थी, तो पांच राज्यों के चुनाव (विशेषकर बंगाल चुनाव) में सत्ता पाने की लालसा में लाखों लीटर डीजल और सरकारी तंत्र का दुरुपयोग क्यों किया गया? उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव खत्म होते ही सरकार को आर्थिक संकट की याद आई है।
मध्यम वर्ग का मजाक उड़ा रही सरकार
कांग्रेस महामंत्री ने कहा कि आम जनता और मध्यम वर्गीय परिवार पहले से ही कमरतोड़ महंगाई और सोने पर भारी टैक्स के कारण इसे खरीदने में असमर्थ हैं। ऐसे में सरकार द्वारा ‘सोना न खरीदने’ जैसे बयान देना उनके संघर्षों का मजाक उड़ाने जैसा है। शादियों के सीजन में गरीब और मध्यम वर्ग के लिए सोना खरीदना अब एक सपना बन गया है।
विफलता का आरोप और माफी की मांग
संजीव रंजन ने केंद्र सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताते हुए कहा:
”प्रधानमंत्री को देश से माफी मांगनी चाहिए। उन्हें यह स्वीकार करना चाहिए कि उनकी प्राथमिकता केवल चुनाव प्रचार और सत्ता पाना है, न कि जनता की समस्याओं का समाधान करना। देश की वास्तविक आर्थिक स्थिति जनता के सामने स्पष्ट की जानी चाहिए।”
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि आने वाले समय में महंगाई और बढ़ने वाली है, जिसके लिए केंद्र की नीतियां जिम्मेदार हैं।
तीसरी धारा न्यूज
