जमशेदपुर: 5 राज्यों के विधानसभा चुनावों के परिणाम आने के साथ ही भारतीय जनता पार्टी के खेमे में भारी उत्साह देखा जा रहा है। पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भाजपा को मिली प्रचंड जीत को ऐतिहासिक बताते हुए आज, 4 मई को जमशेदपुर में भव्य विजय उत्सव मनाने की तैयारी की गई है।
विधायक कार्यालय एग्रिको में जुटेगा जमावड़ा
इस ऐतिहासिक जीत की खुशी में जमशेदपुर पूर्वी की विधायक श्रीमती पूर्णिमा साहू के एग्रिको स्थित आवास कार्यालय पर शाम 5:00 बजे विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। यहाँ विधायक की उपस्थिति में कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के बीच लड्डू वितरित कर जीत का जश्न मनाया जाएगा।
बारीडीह गोलचक्कर पर मनेगी विजय दीपावली
जश्न का यह सिलसिला शाम को बारीडीह में भी जारी रहेगा। भाजपा बारीडीह मंडल के तत्वावधान में शाम 6:30 बजे बारीडीह गोलचक्कर पर लड्डू वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के जुटने और आतिशबाजी की भी संभावना है।
कार्यकर्ताओं को आमंत्रण
भाजपा संगठन की ओर से सभी सम्मानित कार्यकर्ताओं और समर्थकों से निवेदन किया गया है कि वे समय पर उपस्थित होकर इस विजय उत्सव को भव्यता प्रदान करें। भाजपा नेताओं का कहना है कि तीन राज्यों की यह जीत कार्यकर्ताओं के कठिन परिश्रम और जनता के अटूट विश्वास का परिणाम है।
ताजा खबरों और अपडेट्स के लिए देखते रहें ‘तीसरी धारा न्यूज’।

