Site icon

कदमा: DBMS स्कूल के बाहर कार को टक्कर मारने का मामला; नाबालिग चला रहा था इनोवा, पुलिस ने वाहन किया जब्त

तीसरी धारा न्यूज | जमशेदपुर

​कदमा स्थित डीबीएमएस (DBMS) इंग्लिश स्कूल के बाहर खड़ी कार में जोरदार टक्कर मारने के मामले में पुलिस ने अपनी जांच तेज कर दी है। पुलिस ने दुर्घटना में इस्तेमाल की गई इनोवा कार को जब्त कर लिया है और उसकी तकनीकी व दस्तावेजी जांच शुरू कर दी है।

​CCTV फुटेज से खुले राज, चालक निकला नाबालिग

​घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद पुलिस के हाथ महत्वपूर्ण साक्ष्य लगे हैं। सीसीटीवी फुटेज से साफ हो गया है कि एक तेज रफ्तार इनोवा कार ने वहां खड़ी कार को सीधी टक्कर मारी थी। पुलिस की शुरुआती जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि दुर्घटना के वक्त इनोवा कार को एक नाबालिग चला रहा था।

​वाहन मालिक पर भी गिर सकती है गाज

​पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस दुर्घटना के मामले में कानूनी धाराओं के साथ-साथ मोटर वाहन अधिनियम (Motor Vehicles Act) के तहत भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि जांच में यह साबित हो जाता है कि गाड़ी जानबूझकर नाबालिग को चलाने के लिए दी गई थी, तो इनोवा के वाहन स्वामी (Owner) के खिलाफ भी नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

​20 जुलाई को हुआ था हादसा

​गौरतलब है कि यह हादसा बीते 20 जुलाई को हुआ था। इनोवा की भीषण टक्कर से खड़ी कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी, वहीं कार चालक राजा सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है।

– तीसरी धारा न्यूज ब्यूरो, जमशेदपुर

Exit mobile version