Site icon

जमशेदपुर: डिमना लेक में दो इंटर्न डॉक्टरों की संदिग्ध मौत मामला, बोड़ाम पुलिस ने तेज की जांच

तीसरी धारा न्यूज | 5 अगस्त 2026 | जमशेदपुर:

​शहर के चर्चित डिमना लेक इंटर्न डॉक्टर मौत मामले की जांच अब बोड़ाम पुलिस ने काफी तेज कर दी है। एमजीएम मेडिकल कॉलेज के दो होनहार इंटर्न डॉक्टरों—समीर कुमार (लाल) और सक्षम सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस हर एक पहलू को बारीकी से खंगाल रही है।

घटनास्थल का कराया गया रीकंस्ट्रक्शन

मामले की तह तक पहुंचने के लिए पुलिस ने डॉ. यश बरछा से लंबी पूछताछ की और उनकी एक महिला मित्र का भी बयान दर्ज किया है। इतना ही नहीं, पुलिस टीम डॉ. यश बरछा को खुद डिमना लेक स्थित घटनास्थल पर ले गई और उस रात के पूरे घटनाक्रम का रीकंस्ट्रक्शन कराया गया। इसके साथ ही घटना की रात डिमना लेक पर तैनात टाटा स्टील के सुरक्षाकर्मियों से भी पूछताछ कर उस समय की गतिविधियों की जानकारी जुटाई गई है।

शराब दुकान और हॉस्टल के गार्ड्स के बयान दर्ज

जांच टीम ने 23 जुलाई की रात एमजीएम मेडिकल कॉलेज हॉस्टल और अस्पताल के मुख्य द्वार पर ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मियों के बयान दर्ज किए हैं। इसके अलावा डिमना चौक स्थित उस शराब दुकान के कर्मचारियों से भी पूछताछ की गई है, जहां से तीनों डॉक्टरों ने शराब खरीदी थी। पुलिस घटना से ठीक पहले की हर गतिविधि की कड़ी से कड़ी जोड़ने में जुटी है।

डॉ. सचिन को नोटिस, बयान का इंतजार

घटना के समय साथ मौजूद रहे एक अन्य डॉक्टर, डॉ. सचिन कुमार को भी पूछताछ के लिए नोटिस जारी किया गया है। जानकारी के अनुसार, घटना के दो दिन बाद ही वे रांची चले गए थे। इस मामले में उन्हें एक महत्वपूर्ण गवाह माना जा रहा है और पुलिस अब उनके बयान दर्ज करने का इंतजार कर रही है, जिससे कई अहम खुलासे होने की उम्मीद है।

रिपोर्ट: तीसरी धारा न्यूज

Exit mobile version