तीसरी धारा न्यूज | जमशेदपुर | 11 अगस्त 2026
रांची में प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज के विरोध में आज भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की ओर से आहुत ‘झारखंड बंद’ का जमशेदपुर में मिला-जुला असर देखने को मिल रहा है। सुबह से ही शहर के विभिन्न मंडलों में बीजेपी नेता और कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को बंद कराने की अपील करते नजर आए।
सुबह 8 बजे से ही सड़कों पर उतरे कार्यकर्ता
सुबह 8:00 बजे से ही बीजेपी कार्यकर्ता हाथों में झंडे-बैनर लेकर शहर के प्रमुख बाजारों और सड़कों पर निकल गए थे। हालांकि, सुबह 11:00 बजे तक बंद का कोई व्यापक प्रभाव देखने को नहीं मिला है। अधिकतर इलाकों में स्थिति सामान्य बनी हुई है और लोग रोजमर्रा के काम के लिए बिना किसी रुकावट के निकल रहे हैं।
स्कूल और मेडिकल सेवाएं बंद से मुक्त
आम जनता की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए बीजेपी ने स्कूल, कॉलेज और मेडिकल दुकानों सहित सभी आवश्यक सेवाओं को बंद के दायरे से पूरी तरह बाहर रखा है। सड़कों पर ऑटो, बस और अन्य यात्री वाहन सामान्य रूप से संचालित हो रहे हैं, जिससे आम नागरिकों को आवागमन में किसी बड़ी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है।
शहर के कुछ क्षेत्रों में बंद का आंशिक असर जरूर दिखाई दिया है, लेकिन कुल मिलाकर पूरे जमशेदपुर में जनजीवन सामान्य ढर्रे पर चल रहा है। पुलिस-प्रशासन भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह मुस्तैद है।
तीसरी धारा न्यूज
