Site icon

भाजपा का जमशेदपुर बंद पूरी तरह विफल, सोशल मीडिया की रील्स तक सिमटे नेता: संजीव रंजन

जमशेदपुर। हिमांशु हत्याकांड को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उसके सहयोगी दलों द्वारा शुक्रवार, 3 जुलाई को बुलाए गए ‘जमशेदपुर बंद’ के आह्वान को शहर की जनता ने पूरी तरह नकार दिया है। शहर के दुकानदारों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और ऑटो रिक्शा चालकों ने अपनी रोजमर्रा की गतिविधियां सामान्य रखीं, जिससे बंद पूरी तरह बेअसर साबित हुआ। यह बातें जिला कांग्रेस महामंत्री संजीव रंजन ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहीं।IMG 20260701 WA0001

​खुद का अस्तित्व बचाने उतरी भाजपा का डर और धमकी भी नाकाम: कांग्रेस

​कांग्रेस जिला महामंत्री संजीव रंजन ने तंज कसते हुए कहा कि आज का बंद पूरी तरह से विफल रहा और भाजपा नेताओं की पूरी कसरत सोशल मीडिया पर रील्स बनाने की होड़ तक ही सीमित होकर रह गई। आम जनता ने अपने सामान्य कामकाज जारी रखकर यह साबित कर दिया कि वे इस संवेदनशील मामले पर की जा रही राजनीति के खिलाफ हैं।

​संजीव रंजन ने आरोप लगाया कि जब भाजपा नेताओं ने देखा कि बंद पूरी तरह विफल हो चुका है, तो अपनी फजीहत से बचने और मुंह छिपाने के लिए वे खुद ही अपनी गिरफ्तारियां देने की कवायद में जुट गए। उन्होंने यह भी कहा कि मशाल जुलूस के बाद भी जब जनता का समर्थन नहीं मिला, तो कुछ जगहों पर भाजपा कार्यकर्ता दुकानदारों को डराते और धमकाते भी नजर आए, लेकिन उनका यह तरीका भी काम नहीं आया।

​सरकार पीड़ित परिवार के साथ, जल्द गिरफ्त में होंगे हत्यारे

​प्रशासनिक कार्रवाई का हवाला देते हुए जिला महामंत्री ने कहा:

​”मुख्यमंत्री ने इस मामले पर स्वतः संज्ञान लेते हुए दोषी प्रशासनिक अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही मामले की निष्पक्ष जांच के लिए एसआईटी (SIT) का गठन भी कर दिया गया है। सरकार लगातार यह स्पष्ट कर रही है कि वह अपराध और अपराधियों से कोई समझौता नहीं करेगी।”

​संजीव रंजन ने आगे कहा कि पूरी सरकार और प्रशासन पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और उनकी सभी जायज मांगों को मान लिया गया है। ऐसे में भाजपा सिर्फ अपनी राजनीतिक रोटियां सेकने के लिए बंद का नाटक कर रही थी, जिसे जमशेदपुर की समझदार जनता ने पूरी तरह विफल कर करारा जवाब दिया है। उन्होंने भरोसा जताया कि हिमांशु के हत्यारे बेहद जल्द प्रशासन की गिरफ्त में होंगे।

ब्यूरो रिपोर्ट, तीसरी धारा न्यूज।

Exit mobile version