आदित्यपुर:
आदित्यपुर थाना पुलिस ने पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी के निर्देश पर नशीले पदार्थों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर तस्करों के नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने राम मड़ैया बस्ती, मुस्लिम बस्ती सहित विभिन्न संदिग्ध इलाकों में सघन छापेमारी कर 7 लाख 59 हजार 650 रुपये नगद और 20 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की है। इस कार्रवाई में एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है, जबकि कई अन्य फरार होने में सफल रहे।
छत से छलांग लगाकर भागे तस्कर, फेंके रुपयों से भरे झोले
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस टीम ब्राउन शुगर के पुराने और फरार चल रहे आरोपी जावेद अंसारी उर्फ ‘लड्डू’ के घर छापेमारी करने पहुंची थी। पुलिस के आगमन की भनक मिलते ही जावेद मौके से फरार हो गया। इसी बीच पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि मकान की छत पर कुछ लोग नशीले पदार्थों की बिक्री से प्राप्त रकम का हिसाब-किताब कर रहे हैं।
सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम जब छत की ओर बढ़ी, तो दरवाजा बाहर से बंद मिला। दरवाजे को तोड़कर जैसे ही पुलिस ऊपर पहुंची, वहां मौजूद तस्कर पुलिस को देखते ही छज्जे और पाइप के सहारे भागने लगे। भागने के दौरान आरोपियों ने रुपयों से भरे कई झोले नीचे सड़क पर फेंक दिए, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया।
एक गिरफ्तार, 20 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद
मौके से पुलिस ने आजाद अंसारी को धर दबोचा। तलाशी लेने पर उसके पास से 20 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई। वहीं, जब्त किए गए झोलों में रखे नोटों की गिनती करने पर कुल 7,59,650 रुपये नगद पाए गए।
कपाली, जुगसलाई और आदित्यपुर बने मुख्य ठिकाने
एसपी मनोज स्वर्गियारी ने बताया कि प्राथमिक जांच में कपाली का मिन्नत नगर, जुगसलाई का आजाद नगर तथा आदित्यपुर की मुस्लिम बस्ती इस अवैध नेटवर्क के प्रमुख ठिकानों के रूप में सामने आए हैं। इस मामले में इमरान, जावेद अंसारी उर्फ लड्डू, राशिद खातून, विपुल कर्मकार, रोहित कर्मकार उर्फ सिपुल तथा प्रकाश पटेल की संलिप्तता की पुष्टि हुई है। सभी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
एसपी ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में ड्रग्स कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती से जारी रहेगा। उन्होंने इस सफल कार्रवाई के लिए आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार एवं उनकी पूरी टीम की सराहना की। थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने कहा कि अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी और जवानों को उपलब्ध कराई गई मोटरसाइकिलों का प्रभावी उपयोग कर घटनास्थल पर त्वरित पहुंच सुनिश्चित की जाएगी।
— तीसरी धारा न्यूज
