जमशेदपुर: नशे के अवैध कारोबार पर नकेल कसते हुए जमशेदपुर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस की विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सीतारामडेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत मानगो बस स्टैंड के गेट नंबर-5 के पास से एक अंतरराज्यीय गांजा तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
ओडिशा से बिहार भेजी जा रही थी खेप
सिटी एसपी ललित मीणा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 26 जुलाई की रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ओडिशा से गांजे की एक बड़ी खेप मानगो बस स्टैंड लाई गई है, जिसे बिहार भेजने की तैयारी चल रही थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया और मौके पर दबिश दी।
16.5 लाख का गांजा व मोबाइल जब्त
छापेमारी के दौरान संदिग्ध अवस्था में घेराबंदी कर एक युवक को हिरासत में लिया गया। उसकी तलाशी लेने पर 33 किलोग्राम गांजा और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया गया। जब्त किए गए गांजे की बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 16.5 लाख रुपये आंकी गई है।
आरोपी भेजा गया न्यायिक हिरासत में
पकड़े गए आरोपी की पहचान उमेश कुमार (निवासी: पटना, बिहार) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी पुलिस
प्रारंभिक जांच में आरोपी के एक बड़े अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह से जुड़े होने की पुष्टि हुई है। पुलिस फिलहाल जब्त किए गए मोबाइल फोन के कॉल डिटेल और डेटा को खंगाल रही है, ताकि ओडिशा से लेकर बिहार तक फैले इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि गिरोह में शामिल अन्य तस्करों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
तीसरी धारा न्यूज
