सीनी/सरायकेला | सीनी स्थित अंबेडकर नगर स्वर्णपुर में संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर क्षेत्र में विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें भारी संख्या में स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
प्रतिमा पर माल्यार्पण और बाइक रैली
कार्यक्रम की शुरुआत अंबेडकर नगर स्वर्णपुर में बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद युवाओं और समर्थकों द्वारा एक भव्य बाइक रैली निकाली गई। यह रैली सीनी बाजार का परिभ्रमण करते हुए सीनी मोड़ पहुंची, जहां भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया।
प्रमुख उपस्थित अतिथि:
- लक्ष्मी सरदार: जिला परिषद सदस्य
- सूर्यमनी हेंब्रम: मुखिया, मोहितपुर पंचायत
- रंजन कारूवा: जिला संरक्षक, अखिल भारतीय अनुसूचित जाति-जनजाति एकता मंच
- गुरुचरण मुखी: प्रदेश कोषाध्यक्ष, मूलवासी कारूवा समाज
- इसके अलावा रवि कुमार रवि, श्याम बिहारी दास, वीरेंद्र उरांव, आनंद मुखी, पंचु मुखी, सुदर्शन मुखी और रविशंकर मुखी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
“शिक्षित बनो, संगठित रहो, संघर्ष करो”
संध्या काल में बाबा साहेब के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ किया गया। इस दौरान स्थानीय और बाल कलाकारों ने एक से बढ़कर एक संगीत एवं नृत्य की प्रस्तुति देकर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने बाबा साहेब के जीवनी पर प्रकाश डाला और दलित, शोषित व वंचित समाज के उत्थान के लिए शिक्षा को अनिवार्य बताया। जिला परिषद सदस्य लक्ष्मी सरदार ने बाबा साहेब के मूल मंत्र “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो” को जीवन में उतारने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जिससे समाज की अंतिम पंक्ति में खड़ा व्यक्ति भी अपना अधिकार प्राप्त कर सकता है।
सांस्कृतिक संध्या रही आकर्षण का केंद्र
देर रात तक चले सांस्कृतिक कार्यक्रम में वक्ताओं ने बारी-बारी से अपने विचार रखे और बाबा साहेब के संवैधानिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया। पूरे आयोजन के दौरान जय भीम और बाबा साहेब अमर रहे के नारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान रहा।
ब्यूरो रिपोर्ट: तीसरी धारा न्यूज
