जमशेदपुर: लौहनगरी के जेम्को स्थित मैदान में धन-धन बाबा दीप सिंह जी की पावन स्मृति में आयोजित दो दिवसीय महान शहीदी समागम का रविवार को श्रद्धापूर्वक आगाज हुआ। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में संगतों ने हिस्सा लिया और गुरु चरणों में शीश नवाया।
रागी और ढाडी जत्थों ने दी हाजिरी
समागम के पहले दिन पंथ प्रसिद्ध रागी और ढाडी जत्थों ने अपनी हाजिरी भरी। कार्यक्रम की शुरुआत ज्ञानी बलबीर सिंह जी पारस के ढाडी जत्थे द्वारा की गई। उन्होंने बाबा दीप सिंह जी के गौरवशाली इतिहास और उनकी अद्वितीय शहादत का प्रसंग सुनाकर उपस्थित संगत में जोश भर दिया।
इसके पश्चात, दरबार साहिब के हजूरी रागी भाई रविंदर सिंह जी और ऑस्ट्रेलिया से आए भाई गुरदेव सिंह जी ने अपनी मधुर आवाज में गुरुबाणी कीर्तन कर संगतों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। दीवान की समाप्ति के बाद गुरु का अटूट लंगर वितरित किया गया।
कल सुबह 10 बजे होगा अमृत संचार
समागम के दूसरे दिन यानी कल विशेष धार्मिक आयोजन किए जाएंगे। दल बाबा बिधि चंद जी के जत्थेदार बाबा अवतार सिंह जी की देखरेख में ‘पांच प्यारों’ द्वारा अमृत संचार करवाया जाएगा।
- समय: कल सुबह 10:00 बजे से
- स्थान: जेम्को गुरुद्वारा
प्रबंधक कमेटी ने क्षेत्र की समूह संगत से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अमृत छककर ‘गुरु वाला’ बनने की भावपूर्ण अपील की है।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर मुख्य रूप से सरनजीत सिंह, जागीर सिंह, करनदीप सिंह, सरजीत सिंह, जोरावर सिंह और अवतार सिंह समेत भारी संख्या में श्रद्धालु और सेवादार उपस्थित थे।
