जमशेदपुर: मानगो क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता आशीष श्रीवास्तव उर्फ भूरी ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) का दामन थाम लिया है। इस दौरान उन्होंने JMM के जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन से मुलाकात कर मानगो क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
मुलाकात के दौरान आशीष श्रीवास्तव ने मानगो में सड़क, जलजमाव, पेयजल, साफ-सफाई और ट्रैफिक जैसी गंभीर समस्याओं पर जिला अध्यक्ष का ध्यान आकर्षित कराया। उन्होंने कहा:
”क्षेत्र की समस्याओं के समाधान और समाजसेवा के मुख्य उद्देश्य से ही मैंने JMM के साथ जुड़ने का फैसला लिया है। पार्टी के नेतृत्व में मानगो की जनता को उनके अधिकारों और मूलभूत सुविधाओं को दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।”
जिला अध्यक्ष ने किया स्वागत
JMM के जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन ने आशीष श्रीवास्तव का पार्टी में गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा हमेशा जमीनी स्तर पर काम करने वाले युवाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें मंच देने का कार्य करती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मानगो की सभी जनसमस्याओं को गंभीरता से लेकर संबंधित विभागों तक पहुंचाया जाएगा और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित कराया जाएगा।
क्षेत्रवासियों में जगी उम्मीद की किरण
इस मौके पर भारी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे। आशीष श्रीवास्तव के JMM में शामिल होने पर मानगो के क्षेत्रवासियों ने खुशी जाहिर की है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि एक सक्रिय सामाजिक कार्यकर्ता के सत्ताधारी दल से जुड़ने के बाद अब मानगो की पुरानी और जटिल समस्याओं के समाधान को एक नई दिशा मिलेगी।
– तीसरी धारा न्यूज
