तीसरी धारा न्यूज | 07 अगस्त 2026, जमशेदपुर
जमशेदपुर: आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो शुक्रवार को दो दिवसीय राज्यस्तरीय युवा अधिवेशन में शिरकत करने के लिए रांची से सड़क मार्ग द्वारा जमशेदपुर पहुंचे। पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया और उनके आगमन को लेकर पूरे शहर में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।
बिरसा मुंडा टाउन हॉल में युवा शक्ति का समागम
आजसू पार्टी के इस दो दिवसीय राज्यस्तरीय युवा अधिवेशन की शुरुआत शुक्रवार को सिदगोड़ा स्थित बिरसा मुंडा टाउन हॉल में हुई। सुबह 11 बजे आयोजित अधिवेशन के पहले सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में सुदेश महतो शामिल हुए। उनके साथ मंच पर आजसू पार्टी के सांसद, विधायक, पूर्व मंत्री, पूर्व विधायक और कई केंद्रीय पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
अधिवेशन में झारखंड के कोने-कोने से हजारों युवा कार्यकर्ता पहुंचे हैं। सम्मेलन के दौरान युवाओं के अधिकार, राज्य में संगठन की मजबूती, रोजगार और झारखंड के ज्वलंत मुद्दों पर गहन चर्चा की जा रही है। साथ ही आने वाले चुनावों और संगठनात्मक विस्तार को लेकर आगामी रणनीति पर भी मंथन किया जा रहा है।
झंडे-बैनरों से पटा शहर, प्रतिनिधियों के लिए पुख्ता इंतजाम
कार्यक्रम को लेकर सिदगोड़ा और कदमा क्षेत्र को आजसू के झंडों, होर्डिंग्स और बैनरों से पाट दिया गया है। बाहर से आने वाले प्रतिनिधियों के ठहरने, भोजन, पंजीकरण और सुरक्षा व्यवस्था के लिए पार्टी स्तर पर अलग-अलग विशेष कमेटियों का गठन किया गया है ताकि किसी भी कार्यकर्ता को असुविधा न हो।
शनिवार को अमर शहीद निर्मल महतो को श्रद्धांजलि और विशाल खुला सम्मेलन
अधिवेशन के दूसरे दिन, यानी शनिवार को कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे उलियान (कदमा) स्थित अमर शहीद निर्मल महतो के समाधि स्थल से होगी। यहां सुदेश महतो सहित तमाम वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शहीद निर्मल महतो को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके पश्चात कदमा में एक विशाल खुले सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें राज्य भर से जुटा युवा जनसैलाब शामिल होगा।
तीसरी धारा न्यूज
