Site icon

बिहार चुनाव के बाद स्कूल कैंपस में VVPAT पर्चियां मिलते ही मचा हड़कंप

बिहार : मोतिहारी के सुगौली नगर के अमीर खां टोला वार्ड संख्या 12 स्थित राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय, निमूई (Sugauli) में बुधवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब स्कूल की रसोइया ने मतदान कक्ष का दरवाजा खोला तो सैकड़ों की संख्या में VVPAT की पर्चियां जमीन पर बिखरी हुई मिलीं.
दरअसल, इसी विद्यालय में दूसरे चरण का विधानसभा चुनाव संपन्न हुआ था. घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में अफरातफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग स्कूल परिसर में जुट गए. वहीं कई उम्मीदवार मौके पर पहुंचे और धरने पर बैठ गए, उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.

सूचना मिलते ही सदर एसडीओ श्वेता भारती घटनास्थल पर पहुंचीं और पर्चियों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. उन्होंने कहा, “प्राथमिक जांच में ये मॉक पोल की पर्चियां लगती हैं, लेकिन हम इसकी पूरी जांच कर रहे हैं. सभी प्रत्याशियों को बुलाया गया है और पर्चियों की संख्या की भी पुष्टि कर ली गई है.” जनशक्ति जनता दल के उम्मीदवार श्याम किशोर चौधरी और बीएसपी के प्रत्याशी जुफकार आलम ने भी मौके पर पहुंचकर नाराजगी जताई और निष्पक्ष जांच की मांग की.

फिलहाल प्रशासन ने पूरे स्कूल परिसर को सील कर दिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है. जिले के डीएम ने भी पूरे प्रकरण की जांच के आदेश जारी किए हैं. अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि जांच में आखिर सच्चाई क्या निकलती है- यह लापरवाही थी या किसी बड़ी गड़बड़ी का संकेत?

Exit mobile version