जमशेदपुर:
आगामी 21 जून 2026 को होने वाली NEET (UG)-2026 परीक्षा को पूरी तरह कदाचारमुक्त, स्वच्छ और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। समाहरणालय सभागार में जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त श्री राजीव रंजन की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस उच्चस्तरीय बैठक में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ-साथ एनटीए (NTA) एवं संबंधित परीक्षा केंद्रों के प्रतिनिधि शामिल हुए, जहां तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की गई।
8 केंद्रों पर परीक्षा, दोपहर 1:30 बजे बंद हो जाएंगे गेट
बैठक में दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, पूर्वी सिंहभूम जिले के 6 प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में कुल 8 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर इस वर्ष 4,000 से अधिक परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।
- परीक्षा की टाइमिंग: दोपहर 2:00 बजे से शाम 05:15 बजे तक।
- प्रवेश का समय: परीक्षार्थियों को सुबह 11:00 बजे से दोपहर 01:30 बजे तक ही केंद्र में एंट्री दी जाएगी। तय समय के बाद किसी भी परीक्षार्थी को भीतर जाने की अनुमति नहीं होगी।
इन प्रमुख संस्थानों में बने हैं परीक्षा केंद्र:
- लाल बहादुर शास्त्री मेमोरियल (LBSM) कॉलेज, करनडीह
- को-ऑपरेटिव कॉलेज
- वीमेन्स यूनिवर्सिटी, जमशेदपुर
- द ग्रेजुएट कॉलेज फॉर वीमेन्स
- राजकीय आदिवासी हाई स्कूल, सीतारामडेरा
- एलबीएसएम कॉलेज, गोलमुरी
सिर्फ सरकारी कर्मी संभालेंगे इनविजिलेटर का जिम्मा, होगी वीडियोग्राफी
परीक्षा में पूरी पारदर्शिता बनाए रखने के लिए उपायुक्त श्री राजीव रंजन ने बेहद कड़े और स्पष्ट निर्देश दिए हैं। गाइडलाइन के अनुसार, परीक्षा केंद्रों पर इनविजिलेटर (वीक्षक) के रूप में केवल और केवल सरकारी कर्मियों की ही ड्यूटी लगाई जाएगी। इसके साथ ही:
- परीक्षा की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी सुनिश्चित की जाएगी।
- केंद्रों पर अभ्यर्थियों की कड़ी फ्रिस्किंग (जांच) की जाएगी।
- परीक्षा से एक दिन पहले सभी केंद्रों को पूरी तरह से सैनिटाइज कर सील कर दिया जाएगा।
ट्रैफिक और बुनियादी सुविधाओं पर विशेष फोकस
परीक्षार्थियों और अभिभावकों की सहूलियत के लिए शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और परीक्षा केंद्रों के आसपास सुगम यातायात व क्राउड मैनेजमेंट हेतु मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा सभी केंद्रों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति, शुद्ध पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। उपायुक्त ने साफ लफ्जों में कहा कि तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में सिटी एसपी, एसडीएम धालभूम, एएसपी, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर, नजारत उप समाहर्ता, डीआईओ, डीएसपी हेडक्वार्टर, डीएसपी ट्रैफिक और विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता सहित विभिन्न कॉलेज प्रबंधन के प्रतिनिधि मुख्य रूप से उपस्थित थे।
ब्यूरो रिपोर्ट, तीसरी धारा न्यूज
