आदित्यपुर (सरायकेला-खरसावां): आदित्यपुर नगर निगम के महापौर (मेयर) पद की जंग अब और भी दिलचस्प हो गई है। स्वतंत्र प्रत्याशी रमेश बलमुचू ने अपने चुनावी अभियान में पूरी ताकत झोंक दी है। ‘बिस्किट छाप’ (क्रम संख्या 06) के साथ मैदान में उतरे बलमुचू ने क्षेत्र के विकास के लिए “गतिशील सोच” और “ईमानदार छवि” का नारा दिया है।
ज्वलंत मुद्दों पर सीधा संवाद
आदित्यपुर के विभिन्न वार्डों में जनसंपर्क के दौरान रमेश बलमुचू ने जनता के बीच उन बुनियादी समस्याओं को उठाया, जो लंबे समय से अनसुलझी हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके चुनावी एजेंडे में ये पांच मुद्दे सर्वोपरि हैं:
- बेरोजगारी: स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करना।
- भ्रष्टाचार: निगम की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाना और बिचौलिया राज खत्म करना।
- पलायन: क्षेत्र से प्रतिभाओं और मजदूरों के पलायन को रोकने के लिए ठोस कदम उठाना।
- स्वास्थ्य: निगम क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और आधुनिक अस्पताल सुनिश्चित करना।
- शिक्षा: सरकारी स्कूलों की स्थिति सुधारना और शिक्षा को सुलभ बनाना।
“न झूठे वादे, न झूठे इरादे”
मतदाताओं से रूबरू होते हुए रमेश बलमुचू ने कहा कि राजनीति में उनकी पूंजी उनका बेदाग इतिहास है। उन्होंने जनता को भरोसा दिलाते हुए कहा:
”स्वभाव अपना विकासशील है, और सोच अपनी गतिशील है। मैं यहाँ झूठे वादे करने नहीं आया हूँ। मेरी ईमानदारी ही जनता के बीच मेरी सबसे बड़ी ताकत है। आदित्यपुर की जनता अब परिवर्तन चाहती है और मुझे विश्वास है कि उनका आशीर्वाद मेरे साथ बना रहेगा।”
परिवर्तन की लहर का दावा
आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के नागरिकों से बातचीत में बलमुचू ने दावा किया कि जनता अब पारंपरिक राजनीति से ऊब चुकी है और एक ऐसे नेतृत्व की तलाश में है जो उनकी समस्याओं को अपनी समस्या समझे। उनके समर्थकों का मानना है कि ‘बिस्किट छाप’ इस बार नगर निगम में विकास की नई मिठास घोलेगा।
रिपोर्ट: सुब्रतो सिंह, जमशेदपुर
