जमशेदपुर | ३ जून २०२६
जमशेदपुर के कदमा-सोनारी मरीन ड्राइव पर मंगलवार देर रात करीब एक बजे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जहाँ दो ट्रकों के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक ट्रक के परखच्चे उड़ गए और उस पर लदी कोल्ड ड्रिंक्स की सैकड़ों बोतलें पूरी सड़क पर बिखर गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हादसे के बाद बोतलें लूटने की मची होड़
दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास के स्थानीय लोग और वहाँ से गुजर रहे राहगीर मदद करने के बजाय सड़क पर बिखरी कोल्ड ड्रिंक्स की बोतलें और क्रेट उठाकर भागने लगे। लूटमचाऊ स्थिति को देखते हुए घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुँची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और भीड़ को खदेड़ा।
गलत दिशा से आ रहा था ट्रक, वन-वे का उल्लंघन
जानकारी के अनुसार, कोल्ड ड्रिंक्स से लदा एक ट्रक आदित्यपुर से रांची की ओर जा रहा था। इसी दौरान मरीन ड्राइव पर विपरीत दिशा (रॉन्ग साइड) से आ रहे एक दूसरे ट्रक ने उसमें सीधी टक्कर मार दी। प्रारंभिक जाँच में यह बात सामने आई है कि सड़क के वन-वे होने के बावजूद गलत दिशा से वाहन का आना ही इस भीषण हादसे का मुख्य कारण बना।
केबिन में फंसा रहा चालक, TMH में इलाज जारी
टक्कर के बाद कोल्ड ड्रिंक्स लदे ट्रक का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके कारण उसका चालक अंदर ही फंस गया। हादसे में उसके पैर में गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों और पुलिस के कड़े मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाला गया और तुरंत इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (TMH) भेजा गया। वहीं, दूसरे ट्रक का चालक सुरक्षित बताया जा रहा है।
पुलिस ने ट्रकों को किया जब्त
पुलिस ने रातभर अभियान चलाकर घटनास्थल से भीड़ को हटाया और यातायात व्यवस्था को सुचारू कराया। बुधवार सुबह पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त ट्रकों को जब्त कर थाने ले आई है और मामले की आगे की जाँच कर रही है।
तीसरी धारा न्यूज ब्यूरो
