तीसरी धारा न्यूज | 16 सितंबर 2026 | जमशेदपुर
कदमा भवन में दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
जमशेदपुर के कदमा भवन में झारखंड क्षत्रिय महिला संघ की कदमा इकाई के पुनर्गठन कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला संघ की अध्यक्ष डॉ. कविता परमार ने की। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथियों एवं संघ के पदाधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस दौरान झारखंड क्षत्रिय संघ के अध्यक्ष शम्भूनाथ सिंह, संरक्षिका आशा सिंह, मंजूरानी सिंह, कंचन सिंह, प्रतिमा सिंह, सत्या सिंह, पल्लवी सिंह और महिला संघ के प्रभारी एन. के. सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
13 वर्षों से 14 इकाइयाँ कर रही हैं संगठन को मजबूत: डॉ. कविता परमार
अपने अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. कविता परमार ने कहा कि पिछले 13 वर्षों से झारखंड क्षत्रिय महिला संघ की 14 इकाइयाँ संगठन को सशक्त एवं सक्रिय बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में नई इकाइयों का गठन कर संगठन का और अधिक विस्तार किया जाएगा। वहीं क्षत्रिय संघ के अध्यक्ष शम्भूनाथ सिंह ने कहा कि समाज की उन्नति, संस्कारों के संरक्षण एवं सामाजिक जागरूकता में महिलाओं की भूमिका सबसे अहम है।
कदमा इकाई की नई कार्यकारिणी की सर्वसम्मति से घोषणा
पुनर्गठन के दौरान सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई। इसमें रीता विनोद सिंह को अध्यक्ष, सीता सिंह को कार्यकारी अध्यक्ष, मीना सिंह व सरिता सिंह को उपाध्यक्ष, मीनू सिंह को महासचिव, सपना सिंह व मधुरी सिंह को सचिव, अनिता सिंह को कोषाध्यक्ष, किरण सिंह को जनसंपर्क प्रभारी और छाया सिंह को मीडिया प्रभारी बनाया गया। इसके अलावा विभा सिंह, ममता सिंह, मंजुला जी, रेखा सिंह, पिंकी सिंह, ज्ञानती सिंह, गुड़िया सिंह और शर्मिला सिंह समेत अन्य को कार्यकारिणी सदस्य चुना गया।
महासचिव मंजू सिंह ने किया मंच संचालन, निष्ठा से कार्य करने का आह्वान
महिला संघ की महासचिव मंजू सिंह ने कार्यक्रम का कुशल और सफल संचालन किया। उन्होंने सभी नवघोषित पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों को बधाई देते हुए अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने और संगठन को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने के लिए मिलकर कार्य करने का आह्वान किया।
नवमनोनित अध्यक्ष रीता विनोद सिंह ने जताया सभी का आभार
कार्यक्रम के समापन सत्र में नवघोषित अध्यक्ष रीता विनोद सिंह ने सभी अतिथियों, वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं उपस्थित सदस्यों के प्रति धन्यवाद व आभार व्यक्त किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह सौंपी गई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिला संघ की सदस्याएँ एवं समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
तीसरी धारा न्यूज
सामाजिक सरोकार और नारी शक्ति को समर्पित, हर खबर पर हमारी नजर
